News in Brief

बंगाल विधानसभा चुनाव करीब आते-आते भाजपा और सत्ताधारी टीएमसी के खिलाफ एक नया गठबंधन आकार लेने लगा है. जिस बाबरी कार्ड के जरिए हुमायूं कबीर ने कुछ हफ्ते से देशभर में शोर मचा रखा था, अब उसका अगला कदम उठाने की तैयारी है. पश्चिम बंगाल CPI (एम) के सेक्रेटरी मोहम्मद सलीम ने नई नवेली जनता उन्नयन पार्टी के चीफ हुमायूं कबीर से मुलाकात की है. इसके बाद से दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की अटकलें लगने लगी हैं. सलीम ने कहा है कि आने वाले चुनावों में सीट-शेयरिंग के प्रस्ताव पर लेफ्ट फ्रंट के अंदर चर्चा की जाएगी. बंगाल के राजनीतिक विश्लेषक प्रो. संबित पाल ने हुमायूं-सलीम की जोड़ी के पीछे की सारी कहानी समझाई. उन्होंने बताया कि इसका इतना बड़ा असर नहीं होने वाला. बंगाल का मुसलमान दोनों पक्षों को कसौटी पर कसेगा तभी फैसला लेगा. 

CPI (एम) के नेता ने एक होटल में कबीर के साथ एक घंटे तक मीटिंग की. कबीर तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं जो हाल ही में मुर्शिदाबाद जिले में ‘बाबरी मस्जिद’ की नींव रखने को लेकर विवादों में आए थे. क्या लेफ्ट और मुस्लिम वोटों को तोड़कर हुमायूं बंगाल में तीसरा मोर्चा बन पाएंगे? सवाल यह भी है कि क्या इससे भाजपा को फायदा होगा और क्या ममता दीदी के पक्के वोटर माने जाने वाले मुस्लिम टूटेंगे?

हुमायूं कबीर का असर कितना होगा
 
इन सब सवालों को लेकर हमने बंगाल की राजनीति को गहराई से समझने वाले प्रो. संबित पाल से बात की. उन्होंने साफ कहा कि हुमायूं कबीर का प्रभाव कुछ इलाकों तक सीमित है. मुर्शिदाबाद में भी खासकर भरतपुर इलाके में उनका प्रभाव है. जहां तक मोहम्मद सलीम की बात है तो यह उनकी पुरानी रणनीति है. पिछली बार भी वह नौशाद सिद्दीकी की पार्टी (AISF) से जुड़े थे लेकिन फायदा नहीं हुआ. 

Add Zee News as a Preferred Source

उन्होंने कहा कि असल बात यह है कि मोहम्मद सलीम खुद हुमायूं की मदद से कुछ सीट निकालना चाहते हैं लेकिन मुझे नहीं लगता कि स्टेट में अलायंस से कोई फायदा होगा क्योंकि सीपीएम के अंदर ही लोग चिढ़े हुए हैं. हुमायूं कबीर की पॉलिटिक्स से सीपीएम के लोग सहमत नहीं हैं फिर भी सलीम मीटिंग कर आए.  प्रो. पाल ने कहा कि सलीम की नजर मुर्शिदाबाद पर है. पिछली बार भी वह वहां से लड़े थे लेकिन जीत नहीं पाए. 

मुर्शिदाबाद की समीकरण

बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की चर्चा इसलिए ज्यादा है क्योंकि यहां 70 प्रतिशत मुस्लिम आबादी है. यहां वामपंथी पार्टी, कांग्रेस और बाद में टीएमसी का प्रभाव रहा है. हुमायूं कबीर ने बाबरी यहीं बनाने की बात कही है. इसके अलावा उत्तर दिनाजपुर और मालदा में मुस्लिमों की अच्छी आबादी है. ऐसे में ममता के साथ-साथ हुमायूं कबीर भी यहां के लिए जोर लगाए हुए हैं. 

क्या 20-25 सीटों पर हुमायूं फैक्टर काम करेगा?

प्रोफेसर ने कहा कि ना, यह 10 से 15 सीटें ही होंगी जहां पर कुछ असर देखने को मिल सकता है. इससे ज्यादा नहीं. इनका बंगाल में इतना बड़ा फैक्टर नहीं हैं. वैसे, हुमायूं कबीर की चर्चा दिल्ली तक हो रही है, दूसरी ‘बाबरी मस्जिद’ से वह खबरों में काफी रहे हैं क्या यह ममता बनर्जी के वोट बैंक में सेंध लगा पाएंगे? इस सवाल पर राजनीतिक विश्लेषक ने साफ कहा कि ऐसा नहीं है कि बंगाल के मुसलमानों में टीएमसी से कोई शिकायत नहीं है लेकिन यह इतिहास है कि मुस्लिमों ने जब भी वोट किया है तो वे ऐसे ही वोट नहीं दे देते. वे इसके पीछे एक बड़ी पिक्चर देखते हैं कि कहां फायदा होगा? 

बंगाल के मुस्लिम समझते हैं कि वे अगर लोकल टीएमसी लीडर्स के साथ रहेंगे और सरकार ममता बनर्जी की बनती है तो उन्हें फायदा होगा. ऐसे में हुमायूं जैसे लोगों के साथ जाने वाले लोग कम ही होंगे. 

पढ़ें: 2026 में विपक्ष के लिए कैसा मौका? भाजपा के लिए चुनावी पिच आसान नहीं लेकिन नजर में बड़ा टारगेट है