IAF Rescue Video: भारतीय वायु सेना (IAF) की वीरता का दृश्य एक बार फिर से सामने आाय है. रविवार को भारी बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश की सड़कें अवरुद्ध हो गईं. इस दौरान आईएएफ के एक चीता हेलीकॉप्टर ने प्रदेश के एक सुदूर गांव धंदेरवारी से 85 वर्षीय लकवाग्रस्त महिला को आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए एयरलिफ्ट किया और महिला को चंडीगढ़ पहुंचाया.
वायु सेना के जवानों द्वारा करीब 9000 फीट की ऊंचाई पर भारी बर्फबारी और कम दृश्यता के बीच ये बचाव अभियान चलाया गया. अधिकारियों ने बताया कि महिला को तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए एयरलिफ्ट किया गया और समय पर उपचार मिलने के बाद अब उसकी हालत स्थिर है.
IAF ने शेयर किया वीडियो
इस पूरे बचाव अभियान को लेकर भारतीय वायुसेना की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो भी साझा किया गया. इसमें आईएएफ के जवान बुजुर्ग महिला को बर्फ के बीच से स्ट्रेचर पर ले जाते हुए और सावधानीपूर्वक उसे हेलीकॉप्टर में लादते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद उसे चंडीगढ़ ले जाया गया.
भारी बर्फबारी से बिगड़े हालात
उल्लेखनीय है कि इस समय हिमाचल प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश हुई. वहीं, आंधी और बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर आईएमडी की ओर से पहले ही चेतावनी दी जा रही है. आईएमडी की जानकारी के अनुसार, शिमला जिले के शिलारू और कुल्लू जिले के कोठी में 5 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई. वहीं, कुफरी में 4 सेंटीमीटर बर्फ गिरी.
यह भी पढ़ें: ISRO की आ गई मौज, मिल गया 13 हजार करोड़ का बजट, अब वैज्ञानिक स्पेस में मचाएंगे डबल धमाल
ठीक इसी तरीके से लाहौल और स्पीति के गोंधला गांव में 3 सेंटीमीटर, तो शिमला के खदराला में 2.5 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है. इसके साथ ही मनाली में सबसे अधिक 10 मिमी बारिश हुई. उसके बाद महीरपुर जिले के सुजानपुर टीरा में 7.8 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं, रविवार को शिमला में 4.2 मिमी, सोलन में 3.4 मिमी, नादौन में 2.6 मिमी बारिश हुई.
An IAF Cheetah helicopter undertook an urgent medical evacuation of an 85 Year-old paralysed woman from Dhanderwari, Himachal Pradesh (9,000 ft AMSL) to Chandigarh. This was after snowfall blocked all roads. The life-saving mission was completed in snowfall, and low visibility.… pic.twitter.com/u1bewb6lgh
— Indian Air Force (@IAF_MCC) February 1, 2026
हिमाचल के लिए IMD का अलर्ट
गौरतलब है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि हिमाचल प्रदेश के मध्य और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में 2 और 3 फरवरी को हिमपात और बारिश होने की संभावना है. वहीं, विभाग की ओर से बताया गया कि मैदानी और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: खूंखार होंगे भारत के आसमान के शिकारी, बजट में फाइटर जेट्स के लिए मिले 63,733 करोड़, चीन-पाक के आए बुरे दिन
