India On Balochistan Attacks: भारत ने बलूचिस्तान में हुए हालिया सिलसिलेवार हमलों के लिए पाकिस्तान द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि इस तरह के दावे इस्लामाबाद की आंतरिक विफलताओं से ध्यान हटाने की पुरानी रणनीति का हिस्सा हैं. विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जन आकांक्षाओं पर ध्यान देने का आग्रह किया.
दुनिया जानती है पाक का इतिहास: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने रविवार को कहा कि पाकिस्तान के आरोप निराधार हैं. उन्होंने कहा कि हर हिंसक घटना के बाद बेबुनियाद दावे दोहराने के बजाय पाकिस्तान को बलूचिस्तान के लोगों की मांगों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए. जायसवाल ने यह भी कहा कि पाकिस्तान का दमन और मानवाधिकार उल्लंघनों का इतिहास सर्वविदित है.
पाकिस्तान ने 133 आतंकियों को मारने का किया दावा
इस बीच, बलूचिस्तान में क्वेटा और ग्वादर सहित लगभग एक दर्जन स्थानों पर हुए हमलों की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने ली है. पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में 18 नागरिकों और 15 सैनिकों की मौत हुई. इन हमलों में आत्मघाती हमलावर और BLA की महिला लड़ाके शामिल थीं. पाकिस्तान की सेना ने अलग-अलग अभियानों में 133 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा भी किया है.
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के खिलाफ US के कई शहरों में प्रदर्शन, लोग बोले- चुप रहना कोई विकल्प नहीं
इस बीच, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने आरोप लगाया कि इन हमलों के पीछे भारत का हाथ है और दावा किया कि हमलों की योजना भारत ने आतंकवादी समूहों के साथ मिलकर बनाई. पाकिस्तानी सेना के मीडिया विभाग ने भी हमलों को भारत समर्थित बताया. बीएलए ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि उसने ‘ऑपरेशन हीरोफ 2.0’ शुरू किया है और बलूचिस्तान भर में हुए हमलों की जिम्मेदारी ली है.
