News in Brief

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने अपने हालिया संबोधन में संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से बात की. उन्होंने संगठन की कार्यप्रणाली, सामाजिक समरसता, भाषा, रोजगार, धर्मांतरण, जनसंख्या, घुसपैठ और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर संघ का दृष्टिकोण स्पष्ट किया. मोहन भागवत ने कहा कि संघ में किसी भी पद पर नियुक्ति जाति, वर्ग या क्षेत्र के आधार पर नहीं होती. उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में जिम्मेदारी उसी व्यक्ति को मिलती है जो समर्पित भाव से काम करता है और योग्य होता है. उन्होंने यह भी कहा कि संघ में सरसंघचालक बनने के लिए किसी विशेष जाति या वर्ग से होना जरूरी नहीं है.

मोहन भागवत ने कहा कि सरसंघचालक एससी, एसटी, ब्राह्मण या किसी खास वर्ग से ही होगा, ऐसा संघ में कोई नियम नहीं है. उनके अनुसार, जो व्यक्ति हिंदू समाज के हित में काम करेगा, संगठन के उद्देश्यों के प्रति समर्पित रहेगा और सबसे उपयुक्त होगा, वही इस पद की जिम्मेदारी संभालेगा. उन्होंने अपने उदाहरण का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें यह दायित्व इसलिए मिला क्योंकि उस समय वह उपलब्ध थे और संगठन ने उन्हें उपयुक्त समझा। उन्होंने दोहराया कि संघ में जाति या वर्ग को कोई मानक नहीं माना जाता, बल्कि कार्य और योग्यता को ही प्राथमिकता दी जाती है.

75 वर्ष की उम्र में रिटायरमेंट पर क्या बोले संघ प्रमुख?
आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने अपने जीवन और संघ की परंपराओं को लेकर बताया कि उनके 75 वर्ष पूरे हो चुके हैं, और इस उम्र को देखते हुए उन्होंने स्वयं पद से निवृत्त होने की इच्छा जताई थी। लेकिन संघ के कार्यकर्ताओं ने उनसे कहा कि जब तक शरीर और मन काम करने में सक्षम हैं, तब तक सेवा जारी रखनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि पद छोड़ना और कार्य छोड़ना, दोनों अलग बातें हैं. उन्होंने कहा कि वह औपचारिक पद से भले ही कभी निवृत्त हो जाएं, लेकिन संघ के कार्य से कभी अलग नहीं होंगे. संघ की परंपरा का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अंतिम खून की बूंद तक समाज और राष्ट्र के लिए काम करना ही संघ का मूल मंत्र रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source

प्रचार से नहीं, संस्कार से चलता है संघ
सरसंघचालक मोहन भागवत ने संघ की कार्यशैली और विचारधारा पर खुलकर बात करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मूल उद्देश्य प्रचार करना नहीं, बल्कि समाज में संस्कारों का निर्माण करना है. उनका कहना था कि जब किसी व्यक्ति का प्रचार किया जाता है तो उससे प्रसिद्धि मिलती है और प्रसिद्धि के साथ अहंकार जन्म लेता है, जो अंततः संगठन और समाज दोनों के लिए नुकसानदायक साबित होता है. इसी वजह से संघ व्यक्ति नहीं बल्कि उसके द्वारा किए गए काम को सामने रखता है. इसी सोच के चलते संघ प्रचार के मामले में कई बार पीछे रह जाता है, लेकिन यह उसकी प्राथमिकता नहीं है.

यह भी पढ़ेंः बांग्लादेशी हिंदुओं के लिए दुनिया भर से आएगी मदद? मोहन भागवत ने बताया क्या होगा जब..