News in Brief

बंगाल को यूं ही विद्रोह और क्रांति की धरती नहीं कहते. शोषण के खिलाफ संघर्ष हो, वैचारिक क्रांति या जन आंदोलन बंगाल हमेशा अगुआ रहा है. हालांकि आगे चलकर बंगाल में हिंसा का अलग रूप देखने को मिला. देश के सभी राज्यों में हिंसा आम बात है लेकिन बंगाल में हिंसा की सभी घटनाएं असल में राजनीतिक होती रही हैं. हिंसा की खबरें अब भी आती हैं. आंदोलन, आक्रोश, विरोध की भावना जैसे यहां की हवा में घुली हो. इतिहास को समझने वाले कहते हैं कि हिंसा की शुरुआत असल में अतीत में होती है. बंगाल की राजनीति समझने वाले एक्सपर्ट राणाबीर समाद्दार एक लेख में बंगाल हिंसा के अतीत में झांकते हैं. 

वह कहते हैं कि यकीन करना ​​मुश्किल है कि 17वीं सदी में बादशाह शाहजहां के बेटे और बंगाल के गवर्नर शाह शुजा ने बंगाल को अमन पसंद, अफीम का सेवन करने वालों और आरामतलब गांव वालों की उपजाऊ धरती कहकर संबोधित किया था. गवर्नर की मानें तो गांव वाले ज्यादा मेहनत करने से कतराते थे क्योंकि वे कम जुताई में अच्छी फसल उगा सकते थे. मतलब कम मेहनत में अच्छी पैदावार बंगाल में होती थी. 

फिर बंगाल का माहौल कैसे भयानक हो गया?

Add Zee News as a Preferred Source

एक सदी के भीतर ही शाह शुजा के ‘शांतिपूर्ण बंगाल’ वाली सोच चकनाचूर हो गई. 1770 में राज्य में भयंकर अकाल पड़ा. बहुत मौतें हुईं और हिंसा फैल गई. बरतानिया हुकूमत के एक अधिकारी डब्लू.डब्लू. हंटर ने 1865 में लिखी अपनी किताब ‘द एनल्स ऑफ रूरल बंगाल’ में भयावह हालात का जिक्र किया. हंटर ने ईस्ट इंडिया कंपनी के अफसर जॉन शोर की कुछ लाइनों का जिक्र किया जो 1793 और 1797 के बीच बंगाल के गवर्नर जनरल थे. 

”मेरी यादों में वो मंजर अब भी ताजा हैं
सूखे हाथ-पैर, धंसी हुई आंखें और बेजान हो चुका रंग
अब भी मां की चीखें और बच्चे की कराहें सुनाई देती हैं
निराशा और दर्द भरी वो कराहें 
वे मरे हुए और मरते हुए पड़े हैं
सियार का शोर सुनो और गिद्धों का रुदन
दिन के उजाले में कुत्ते की भयानक चीख
अपने शिकार पर वे बिना किसी विरोध झपट रहे थे
खौफ का वो भयानक मंजर, जिसका कोई अंदाजा नहीं लगा सकता
न ही यादों के पन्नों से इतने सालों बाद भी मिटाया जा सकता है.”

करीब-करीब उसी समय बंकिम चंद्र ने अपने उपन्यास ‘आनंदमठ’ में अकाल के चलते फैली हिंसा के बारे में लिखा. हिंसा के इतिहास में दबी कहानियों की परतों को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि लोग हिंसा की ऐसी घटनाओं को कैसे याद करते हैं. 1870 और 1880 के बीच पड़े अकाल के दौरान साहित्यकारों और प्रशासकों ने एक सदी पहले 1770 में पड़े उस अकाल को याद किया, जिसने इस क्षेत्र को तबाह कर दिया था. हालांकि अकाल, हिंसा और यादों के बीच का ये लिंक खत्म नहीं हुआ. 

70 साल फिर लौट आया अकाल

करीब 70 साल बाद बंगाल एक और भयानक अकाल की चपेट में आ गया. इसे बाद में ‘1943 का बंगाल अकाल’ कहा गया. तीन साल बाद पूरे कोलकाता में ऐसी सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी जो पहले कभी नहीं देखी गई थी. खास बात यह है कि 1943 में बुद्धिजीवियों और प्रशासकों ने अकाल से जूझ रही धरा के नीचे पनपती हिंसा को ठीक से समझा नहीं. वह हिंसा जिसने अगस्त 1946 में हुए भीषण कलकत्ता हत्याकांड में आग में घी का काम किया. दुर्भाग्य से इन हत्याओं को अचानक हुई उथल-पुथल के तौर पर देखा गया या ऐसा दिखाने की कोशिश की गई जैसे ईश्वर का कहर हो. 

इस तरह के ख्याल आम दिनों में ‘हिंसा’ के विचार या कहें ‘नॉर्मल हिंसा’ के विचार को उलझा देते हैं. इस तरह 1943 में बंगाल का अकाल एक हिंसक घटना के तौर पर नहीं देखा गया जबकि 1946 में कलकत्ता में हुई हत्याओं को हिंसा के गहरे जख्म के तौर पर पहचाना गया. एक अनुमान के मुताबिक अकाल में 30 लाख लोग मारे गए थे.

हरिवंश राय बच्चन की कविता – बंगाल का काल

पड़ गया बंगाले में काल,
भरी कंगालों से धरती,
भरी कंकालों से धरती!
दीनता ले असंख्य अवतार, पेट खला, हाथ पसार
पांच उंगलियां बांध, मुंह दिखला,
भीतर घुसी हुई आंखों से, आंसू ढार,
मानव होने का सारा सम्मान बिसार,
घूमती गांव-गांव, घूमती नगर-नगर,
बाजारों-हाटों में, दर-दर, द्वार-द्वार!

(आगे पढ़िए पार्ट-2)