News in Brief

Rahul Gandhi on Ashwini Vaishnav: संसद में आज का दिन काफी हंगामेदार रहा. विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री मंत्री हरदीप सिंह पुरी समेत कई शख्सियतों का नाम एपस्टीन फाइल्स में आने का आरोप लगाया. जिसे सरकार ने कोरा झूठ करार दिया. संसद में चल रहे हंगामे के बाद जब दो केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और प्रह्लाद जोशी मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे. उसी दौरान वहां से गुजर रहे राहुल गांधी भी उनके पास पहंचे गए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आइए एक साथ जवाब दें. लेकिन उनके ऑफर को ठुकराते हुए दोनों मंत्री वहां से चले गए. यह दिलचस्प वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. 

‘आइए, साथ खड़े हों… एक साथ बात करें’

वायरल वीडियो के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव संसद परिसर में खड़े मीडिया कर्मियों को राहुल गांधी के एपस्टीन फाइल्स, अनिल अंबानी जैसे बयानों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे. दूसरे केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी भी उनके साथ ही खड़े थे. जब वैष्णव राहुल गांधी के आरोपों को झूठा बता रहे थे, तभी वहां से गुजर रहे राहुल गांधी ने उनकी बातें सुन ली. इसके बाद वे एकाएक उनके पास आ गए. 

Add Zee News as a Preferred Source

उन्होंने व्यंग्य भरे लहजे में कहा, ‘आइए, साथ खड़े हों… एक साथ बात करें.’ लेकिन दोनों मंत्री उन्हें नजरअंदाज किया और वहां से चले गए. यह घटना मीडिया स्टैंड के पास हुई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 

‘अनिल अंबानी अब तक जेल क्यों नहीं भेजा गया’

उनके जाने के बाद राहुल गांधी ने मीडियाकर्मियों से बात करके मोदी सरकार पर तमाम आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि अनिल अंबानी का नाम एपस्टीन से जुड़ी फाइलों में आया है. फिर अभी तक वे जेल में क्यों नहीं हैं. 

उन्होंने आरोप लगाया, ‘पीएम मोदी पर भारत-अमेरिका न्यूक्लियर डील को लेकर दबाव था. डेटा, किसानों, ऊर्जा सुरक्षा और रक्षा के मामले में जो हुआ है, कोई भी प्रधानमंत्री सामान्य स्थिति में वैसा नहीं करता.’

मैं डेटा को प्रमाणित करूंगा- राहुल गांधी

सरकार की चुनौती को कबूल करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘मैंने कहा है कि मेरे पास जो डेटा है, मैं उसे प्रमाणित करूंगा. एपस्टीन फाइलों में जस्टिस डिपार्टमेंट की फाइलों में हरदीप पुरी और अनिल अंबानी का नाम है. अडानी के खिलाफ चल रहे केस में समन जारी हुए हैं. भारत सरकार ने पिछले 18 महीनों से कोई जवाब नहीं दिया है. प्रधानमंत्री पर सीधा दबाव है.’ 

इससे पहले लोकसभा में दिए अपने भाषण में भी राहुल गांधी ने इस मुद्दे को उठाया. उन्होंने सरकार से पूछा कि अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट की ओर से जारी फाइलों में नाम आने के बावजूद उद्योगपति को जेल क्यों नहीं भेजा गया.

क्या है पूरा विवाद?

बताते चलें कि पीएम मोदी की 2017 में की गई इजरायल यात्रा का जिक्र करने वाले एक ईमेल को कथित तौर पर एपस्टीन फाइल्स का हिस्सा बताया जा रहा है. विदेश मंत्रालय इस तरह की कयासबाजी को फर्जी और झूठ बताते हुए खारिज कर चुका है. इसके बावजूद कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस मुद्दे को लेकर सरकार पर लगातार हमलावर हैं. 

(एजेंसी ANI)