News in Brief

Kiren Rijiju: रिजिजू के मुताबिक करीब 20-25 कांग्रेस सांसद स्पीकर के चैंबर में पहुंचे वहां अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भी धमकी दी. उन्होंने यह भी कहा कि स्पीकर इस घटना से काफी आहत हैं.

गैरकानूनी वीडियो शेयर करने का दावा
गुरुवार को किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो क्लिप साझा की. उन्होंने कहा कि यह वीडियो एक कांग्रेस सांसद ने रिकॉर्ड किया है और यह गैरकानूनी है. रिजिजू का कहना है कि इस वीडियो में दिखाया गया है कि 20 से 25 कांग्रेस सांसद स्पीकर ओम बिरला के कक्ष में दाखिल हुए उनके साथ बदसलूकी की और प्रधानमंत्री को लेकर धमकी भरी बातें कहीं है. उन्होंने लिखा कि भाजपा बहस और चर्चा में विश्वास करती है. कभी भी सांसदों को शारीरिक या जुबानी धमकी देने के लिए प्रोत्साहित नहीं करती है. ये बेहद ही दुखद है.

स्पीकर भी इस घटना से दुखी
बुधवार को भी रिजिजू ने मीडिया से बात करते हुए यही आरोप दोहराया. उन्होंने कहा कि स्पीकर इस घटना से बहुत दुखी हैं और उन्होंने खुद उनसे बात की है. रिजिजू ने बताया कि सदन में बोलने की अनुमति को लेकर विवाद हुआ था. उनके अनुसार स्पीकर ने एक फैसला दिया था लेकिन उसका पालन नहीं किया गया. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बोलने के लिए किसी की अनुमति की जरूरत नहीं है. वे अपनी मर्जी से बोलेंगे नियमों की परवाह किए बिना बोलेंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

सदन में बोलने के नियम पर बयान
रिजिजू ने कहा कि सदन में कोई भी सदस्य तभी बोल सकता है जब चेयर की अनुमति हो. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री भी तभी बोलते हैं जब उन्हें अनुमति दी जाती है. उनका कहना है कि नियम सभी पर बराबर लागू होते हैं और बिना इजाजत बोलना सही नहीं है.

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी का आरोप
रिजिजू ने यह भी दावा किया कि जब कांग्रेस सांसद स्पीकर के कक्ष में थे. उस समय पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता भी वहां मौजूद थे. उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल भी उस समय कक्ष में थे और प्रदर्शन कर रहे सांसदों को समर्थन दे रहे थे. बता दें, फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर सियासी माहौल गरम है और दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं.

यह भी पढ़ें: Bharat Bandh: ओडिशा, केरल, पश्चिम बंगाल और… देशभर में क्या है भारत बंद का माहौल?