
Navaneet Rana on Babari Masjid: बीजेपी की फायरब्रांड नेता नवनीत राणा हमेशा अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहती हैं. एक बार फिर उन्होंने कुछ ऐसा ही बयान देते हुए पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी जैसी मस्जिद का निर्माण करा रहे टीएमसी से निष्कासित विधायक हुमायूं कबीर को सीधी चेतावनी दी है. हुमायूं कबीर पर निशाना साधते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि बाबरी बनवाने वालों को देश में कब्र के लिए जगह नहीं मिलेगी.
दरअसल, एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवनीत राणा ने कहा कि जो लोग पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद का निर्माण कर रहे हैं, उनको हिंदुस्तान में अपनी ही कब्र के लिए जगह नहीं मिलने वाली है. आइए आपको बताते हैं कि बीजेपी नेता ने क्या-क्या कहा है…
हुमायूं कबीर को सीधी चेतावनी
बीजेपी नेता राणा ने खुद को महाराष्ट्र की बेटी बताया और कहा कि वह माला के साथ भाला और तलवार भी रखती हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया है. नवनीत राणा ने कहा कि हम पूरे बंगाल में आकर बता देंगे कि हिंदुओं की ताकत क्या है. उन्होंने कहा कि जो लोग कहते हैं कि वह देश में बाबरी मस्जिद बनाएंगे, उन्हें कहना चाहती हूं कि याद रखना तुम्हें तुम्हारी कब्र के लिए हिंदुस्तान में जगह भी नहीं मिलेगी. चेतावनी देते हुए कहा कि देश में तुम सिर्फ शुरुआत करो, हम हिंदू की ताकत क्या है वह तुम्हें वहां आकर बताएंगे.
बंगाल में बाबरी मस्जिद निर्माण पर विवाद
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी जैसी मस्जिद के निर्माण को लेकर देश में विवाद छिड़ा है. टीएमसी से निष्कासित विधायक हुमायूं कबीर इसका निर्माण करा रहे हैं और पिछले सल 6 दिसंबर को इस मस्जिद की नींव रखी गई थी. विधानसभा चुनाव से पहले इस मस्जिद के निर्माण का मुद्दा गरमाया हुआ है. इसी महीने 11 फरवरी को इस मस्जिद का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है.
यह भी पढ़ें: जैश के आतंकियों को मरने से डर लगता है, गला सूखता है; सेना के सैफुल्लाह ने दाढ़ी ही कटवा ली
11 एकड़ में मस्जिद बनाने का दावा
उल्लेखनीय है कि हुमायूं कबीर ने दावा किया है कि यह बाबरी मस्जिद का निर्माण 10 एकड़ की जमीन पर कम से कम 50 से 55 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है. इसमें एक साथ 12000 लोग नमाज अदा कर सकेंगे. टीएमसी से निकाले जाने के बाद हुमायूं कबीर ने अपनी नई पार्टी बनाई है, जिसका नाम ‘जनता उन्नयन पार्टी’ रखा है और उसी के नेतृत्व में इस मस्जिद को बनाने का काम किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: ‘ये ट्रेंड बन चुका है’, हिमंत बिस्वा सरमा शूटिंग विवाद पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा – आप HC क्यों नहीं जाते?

