
Mamata Vs PM Modi: एक से दो महीने के भीतर पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने को हैं. राज्य में चुनाव से पहले सियासी पारा हाई है. टीएमसी और बीजेपी लगातार एक दूसरे पर हमलावर है. बंगाल में सीएम ममता कई मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर हमलावर हैं. गुरुवार को भी ममता ने पीएम मोदी पर हमला बोला. ममता बनर्जी ने पीएम मोदी के उस पोस्ट पर निशाना साधा जिसमें प्रधानमंत्री ने श्री रामकृष्ण परमहंसदेव की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है.
दरअसल, सीएम ममता ने पीएम मोदी पर बंगाल की महान हस्तियों के प्रति अपनी सांस्कृतिक असंवेदनशीलता का आक्रामक प्रदर्शन करने का आरोप लगाया. गुरुवार को पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में श्री रामकृष्ण परमहंसदेव की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा था कि स्वामी रामकृष्ण परमहंस जी को उनकी जन्म-जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि. उन्होंने अध्यात्म और साधना को जिस प्रकार जीवनशक्ति के रूप में स्थापित किया, वह हर युग में मानवता का कल्याण करता रहेगा. उनके सुविचार और संदेश सदैव प्रेरणापुंज बने रहेंगे. इसी पोस्ट को लेकर ममता भड़क उठीं.
सीएम ममता ने क्या बोला पीएम पर हमला?
प्रधानमंत्री मोदी की इस पोस्ट रिपोस्ट करते हुए सीएम ममता ने कहा कि ‘हैरान हूं! एक बार फिर, हमारे प्रधानमंत्री ने बंगाल की महान हस्तियों के प्रति अपनी सांस्कृतिक असंवेदनशीलता का आक्रामक प्रदर्शन किया है. आज युगावतार (हमारे युग में ईश्वर का अवतार) श्री श्री रामकृष्ण परमहंसदेव की जन्मतिथि है. इस अवसर पर महान संत को श्रद्धांजलि अर्पित करने के प्रयास में, हमारे प्रधानमंत्री ने महान संत के नाम के आगे ‘स्वामी’ जैसा अभूतपूर्व और अनुचित उपसर्ग जोड़ दिया.
यह भी पढ़ें: Video: शिवाजी महाराज की जयंती पर बेकाबू हुई भीड़, शिवनेरी किले में भगदड़ जैसे हालात, कई घायल
‘स्वामी नहीं हैं रामकृष्ण परमहंस’
अपने पोस्ट में सीएम ममता ने कहा कि जैसा की सभी जानते हैं कि श्री रामकृष्ण को व्यापक रूप से ठाकुर के रूप में पूजा जाता था. उनके तपस्वी शिष्यों ने अपने गुरु के निधन के बाद रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन की स्थापना की और उन भिक्षुओं को भारतीय परंपराओं के अनुसार स्वामी कहा जाने लगा. लेकिन वह गुरु, आचार्य, स्वयं ठाकुर के नाम से ही जाने जाते रहे. स्वामी उपसर्ग रामकृष्ण संघ में उनके शिष्यों के लिए था. ठाकुर श्री श्री रामकृष्ण परमहंसदेव हैं, मां मां शारदा हैं और स्वामीजी स्वामी विवेकानंद हैं.
सीएम ममता ने यह भी कहा कि मैं पीएम से विनम्र निवेदन करती हूं कि वे आधुनिक भारत तो आकार देने वाले बंगाल के महान व्यक्तित्वों के लिए नए उपसर्ग और प्रत्यय न खोजें.
यह भी पढ़ें: हार से सबक या आखिरी दांव: असम में कांग्रेस ने बदला टिकट सिलेक्शन का फॉर्मूला; बदल दी हाईकमान वाली संस्कृति?

