
Ajit Pawar Family: महाराष्ट्र के बारामती इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान रनवे पर उतरते समय क्रैश हो गया. ऐसा कहा गया कि लैंडिंग के दौरान विमान संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते हादसा हो गया. इस दुर्घटना में अजित पवार की मौके पर ही मौत हो गई. उनके साथ विमान में मौजूद 4 अन्य लोगों की भी जान चली गई. हादसे के बाद विमान में आग लग गई और आसमान में धुएं के गुबार नजर आए.
राजनीति का बड़ा नाम
अजित पवार सिर्फ महाराष्ट्र की राजनीति का बड़ा नाम ही नहीं थे बल्कि बारामती सीट से विधायक भी थे. यह इलाका पवार परिवार का मजबूत गढ़ माना जाता है. उनके निधन की खबर फैलते ही प्रशासन, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक गहरे सदमे में चले गए. आइए आपको उनके परिवार के बारे में बताते हैं.
परिवार में है कितने लोग
अजित पवार के परिवार में कुल 4 सदस्य हैं. उनकी पत्नी का नाम सुनेत्रा पवार है. वह अक्सर अजित पवार के साथ चुनावी सभाओं और कार्यक्रमों में नजर आती थीं. सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री पद्मसिंह बाजीराव पाटिल की बहन हैं, जिनकी पहचान एक प्रभावशाली नेता के रूप में रही है.
अजित पवार के हैं दो बेटे
अजित पवार के दो बेटे हैं. बड़े बेटे पार्थ पवार हैं, उन्होंने मावल लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. छोटे बेटे का नाम जय पवार है जो फिलहाल राजनीति से दूर हैं और किसी सार्वजनिक भूमिका में नहीं दिखते हैं.
परिवार में और कौन-कौन
अजित पवार के माता-पिता की बात करें तो उनके पिता का नाम अनंतराव पवार और मां का नाम अशाताई पवार था. उनके पिता मुंबई में राजकमल स्टूडियो में मशहूर फिल्म निर्माता वी. शांताराम के साथ काम करते थे. अजित पवार के दादा गोविंद पवार और दादी शारदा पवार के कुल 11 बच्चे थे. हालांकि इनमें से सिर्फ पांच के बारे में ही सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध है.
क्या करते हैं बड़े भाई
परिवार में उनके बड़े भाई श्रीनिवास पवार हैं जो खेती और ऑटोमोबाइल के कारोबार से जुड़े एक जाने-माने बिजनेसमैन हैं. कहा जाता है कि अजित पवार अपने अहम फैसलों में भाई श्रीनिवास की राय को बहुत महत्व देते थे. उनकी एक बहन भी हैं जिनका नाम विजया पाटिल है.
बता दें, अजित पवार का सबसे अहम राजनीतिक रिश्ता उनके चाचा शरद पवार से जुड़ा रहा है. शरद पवार महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेताओं में गिने जाते हैं. शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले भी एनसीपी की बड़ी नेता हैं. सुप्रिया सुले के दो बच्चे हैं, जिनका नाम बेटी रेवती और बेटा विजय सुले है. जब शरद पवार का राजनीति में कद बढ़ा तो अजित पवार भी उनके साथ सक्रिय रूप से जुड़े और उन्हें उनका सबसे भरोसेमंद साथी माना जाने लगा.
हालांकि बाद के सालों में राजनीति में बड़ा मोड़ आया जब अजित पवार ने एनसीपी से अलग होकर देवेंद्र फडणवीस के साथ सरकार बनाई और डिप्टी मुख्यमंत्री बन गए. इसके बावजूद पवार परिवार का नाम और प्रभाव महाराष्ट्र की राजनीति में हमेशा बना रहा है.
यह भी पढ़ें: अजित दादा के बिना महाराष्ट्र की राजनीति बेरंग होगी… भावुक संजय राउत बोले, एक बात का अफसोस रहेगा
