Ajit Pawar Plane Crash Death: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का आज सुबह 28 जनवरी 2026 को एक प्लेन क्रैश में देहांत हो गया. बताया जा रहा है कि वह मुंबई में प्राइवेट एयर क्राफ्ट से जिला पंचायत परिषद चुनाव प्रचार के लिए बारामती जा रहे थे. इस दौरान लैंडिंग के वक्त उनका प्लेन क्रैश हो गया. हादसे में विमान में बैठे सभी 6 लोगों की मौत हो गई. उपमुख्यमंत्री के आकस्मिक निधन को लेकर पीएम मोदी से ममता बनर्जी तक सभी ने शोक जताया.
‘पायलट शायद रनवे नहीं देख पाए….’
घटना को लेकर एस आर वेंचर्स के डायरेक्टर वीके सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा,’ पायलट शायद रनवे नहीं देख पाए थे. पायलट के पास 16,000 घंटे का उड़ान अनुभव था. को-पायलट के पास 1,500 घंटे का अनुभव था. विमान में कोई तकनीकी खराबी नहीं थी. 2023 की दुर्घटना के हादसे के समय बारिश हो रही थी. एयरलाइन के पास अभी भी 7 और विमान हैं. हम इन्हें ग्राउंड नहीं करने जा रहे हैं. DGCA हमारे विमानों की जांच कर रहा.’
ये भी पढ़ें- अजित पवार का निधन फडणवीस के लिए बड़ा झटका क्यों है? महाराष्ट्र में मचेगी उथल-पुथल
कोहरे के चलते नहीं दिखा रनवे
प्लेन क्रैश और अजीत पवार की मौत को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि इस भीषण दुर्घटना से पहले चालक दल ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को बताया कि इलाके में कोहरे के चलते रनवे दिखाई नहीं दे रहा था. मंत्रालय ने कहा कि बारामती एक अनकंट्रोल्ड एयरस्पेस है, जहां ट्रैफिक की जानकारी फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन को ऑपरेट करने वाले इंस्ट्रक्टर्स और पायलट की ओर से दी जाती है. मंत्रालय के अनुसार 28 जनवरी 2026 को, VI-SSK के रूप में पहचाने गए विमान ने सबसे पहले भारतीय समयानुसार 0818 बजे बारामती से संपर्क स्थापित किया.
ये भी पढ़ें- ‘Devastated…’ अजित दादा की मौत की खबर सुन टूट गईं सुप्रिया सुले; बयां किया अपना दर्द
कैसे हुई पूरी घटना?
पुणे अप्रोच से मुक्त होने के बाद जब विमान बारामती की ओर 30 समुद्री मील की दूरी पर अंदर की तरफ आ रहा था, तब इसने अगली बार रेडियो पर संपर्क किया. उस समय चालक दल को पायलट के हिसाब से मौसम संबंधी परिस्थितियों में नीचे उतरने की सलाह दी गई थी. इसके तुरंत बाद चालक दल ने हवा और विजिबिलिटी के बारे में पूछताछ की. उन्होंने बताया कि हवा बिल्कुल शांत थी और विजिबिलिटी भी 3,000 मीटर थी. इसके बाद विमान ने रनवे 11 पर उतरने की अंतिम अवस्था में होने की सूचना दी, लेकिन यह भी बताया कि रनवे दिखाई नहीं दे रहा था, हालांकि कुछ मिनटों बाद उन्होंने रनवे दिखाई देने की बात कही थी. भारतीय समयानुसार 0843 बजे विमान को रनवे 11 पर उतरने की अनुमति दी गई, हालांकि मंत्रालय ने नोटिस किया की चालक दल ने लैंडिंग की अनुमति का रीडबैक नहीं दिया. 1 मिनट बाद 0844 बजे एयरपोर्ट पर मौजूद कर्मचारियों ने रनवे 11 के प्रवेश द्वार के पास आग की लपटें देखीं. दुर्घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं को तुरंत भेजा गया, जिसके बाद विमान का मलबा रनवे के बाईं ओर रनवे 11 के प्रवेश द्वार के ठीक सामने मिला.
