News in Brief

BJP internal conspiracy Fadnavis: महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे चारो तरफ राजनीति भी तेज होती जा रही है. इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने बड़ा दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी के अंदर ही एक गुट ऐसा है, जो मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पद से हटाने की कोशिश कर रहा है. पटोले के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल मच गई है और कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

भाजपा के अंदर चल रही है अंदरूनी खींचतान 
मीडिया से बातचीत में नाना पटोले ने कहा कि भाजपा के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान किसी से छिपी नहीं है. उन्होंने दावा किया कि खुद मुख्यमंत्री फडणवीस भी जानते हैं कि पार्टी के अंदर उनके खिलाफ कौन-कौन लोग सक्रिय हैं और कैसे अभियान चलाए जा रहे हैं. पटोले के मुताबिक, भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा और सत्ता को लेकर पार्टी के अंदर असंतोष बढ़ रहा है. जिससे आगे चलकर समस्याएं देखने को मिल सकती है.

अंदरूनी तनाव आगे चलकर लेगा बड़ा रूप
पटोले ने इस कथित विवाद को महायुति सरकार बनने के बाद की घटनाओं से जोड़कर देखा, साथ ही उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार का जिक्र करते हुए कहा कि मंत्रिमंडल में जगह न मिलने से वे नाराज बताए जा रहे हैं. पटोले का दावा है कि मुनगंटीवार से जुड़ी हर गतिविधि की जानकारी मुख्यमंत्री फडणवीस को है और यह अंदरूनी तनाव आगे चलकर बड़ा रूप ले सकता है. 

Add Zee News as a Preferred Source

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा के भीतर सत्ता संघर्ष और खुलकर सामने आ सकता है. उनके मुताबिक, पार्टी के अंदर शक्ति संतुलन को लेकर बड़ी टकराव की स्थिति बन सकती है. नगर निकाय चुनाव के दौरान इस तरह के बयान राजनीतिक माहौल को और ज्यादा गरम कर रहे हैं और विपक्ष इसे भाजपा की कमजोरी के तौर पर पेश करने का काम कर रहा है.

इस दौरान नाना पटोले से केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के राजनीति से संन्यास के संकेतों पर भी सवाल पूछा गया था. पटोले ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी इस पर सोचने की जरूरत है. वहीं, उम्मीदवारों पर नामांकन वापस लेने के दबाव के आरोपों पर उन्होंने कुछ खास प्रतिक्रिया नहीं दिया है. उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष का पद संवैधानिक होता है और उससे निष्पक्षता की उम्मीद की जाती है. इसके बाद उन्होंने इस मुद्दे पर ज्यादा बोलने से बचते हुए बात समाप्त कर दी.

यह भी पढ़ें: दुलहस्ती प्रोजेक्ट पर PAK की गीदड़भभकी पर भारत का पलटवार, कहा-‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’