
BMC Resuts: बीएमसी के चुनावी नतीजों के बाद बीजेपी और एकनाथ शिंदे की पार्टी के नेता गदगद हैं. विपक्ष के नेताओं के बीच सिरफुटव्वल तेज हो गई है. सबसे खराब स्थिति तो कांग्रेस पार्टी में है जहां स्थानीय नेताओं का सीधे इस्तीफा मांगा जा रहा है. कौन किसे हार का दोषी बता रहा है, इससे इतर ये जान लीजिए कि बीएमसी चुनाव की फाइनल टेली क्या रही. 227 सदस्यीय बीएमसी में बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है. शिवसेना के नगरसेवकों को मिलाकर बीजेपी का मेयर बन रहा है. दोनों के पास 118 यानी बहुमत से ज्यादा नगरसेवक हैं.
कांग्रेस में सिरफुटौव्वल
बीएमसी चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस में अंदरूनी विवाद बढ़ गया है. भाई जगताप ने नतीजों में शर्मनाक हार के फौरन बाद मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ का इस्तीफा मांगा था तो वीकेंड पर मुंबई कांग्रेस ने भाई जगताप को शो कॉज नोटिस भेज दिया. मुंबई जिला कांग्रेस पार्टी को ओर से एमएलसी (MLC) भाई जगताप को नोटिस भेजकर 7 दिन के भीतर जबाब मांगा गया है.
रविवार को अहम बैठक
29 नगरपालिकाओं में लातूर को छोड़कर बाकी जगह करारी हार के बाद रविवार को महाराष्ट्र कांग्रेस की एक अहम बैठक होनी है. यह बैठक जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी की राज्य चुनाव समिति की ओर से बुलाई गई है. यह बैठक कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ की अध्यक्षता में होगी. माना जा रहा है कि इसमें भी बीएमसी समेत पार्टी को तमाम जिलों में मिली हार के सबक पर भी बात हो सकती है. आपको बताते चलें कि कांग्रेस ने लातूर में बाजी मारी है वहीं बाकी जगह कांग्रेस का डब्बा गुल हो गया. लातूर में 70 सीटें थीं. जहां कांग्रेस ने 43 सीटें जीतकर इकलौते शहर में अपनी लुटिया डूबने से बचाई है.
मुंबई में भाई जगताप को लेकर क्या हुआ
कांग्रेस के नेता भाई जगताप ने मुंबई अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ पर पार्टी को हरवाने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा देने की मांग की थी जिसके बाद पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया ये मुद्दा भी बैठक में उठ सकता है.
