
मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव को लेकर महायुति गठबंधन में सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय हो गया है. समझौते के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 137 सीटें और शिवसेना को 90 सीटें दी गई हैं. दोनों प्रमुख दल अपने-अपने कोटे से सहयोगी (मित्र) दलों को भी सीटें आवंटित करेंगे. सीट बंटवारे के ऐलान के बाद उम्मीदवारों की तैयारी तेज हो गई है. एबी फॉर्म का वितरण पूरा कर लिया गया है और बीजेपी व शिवसेना के उम्मीदवार मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. गठबंधन का दावा है कि इस फॉर्मूले से चुनावी समन्वय मजबूत होगा और मुकाबले में महायुति को बढ़त मिलेगी.
अमित भास्कर साटम मुंबई बीजेपी अध्यक्ष और राहुल शेवाले (शिवसेना) ने बीएमसी सीट बंटवारे के मुद्दे पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की. कुल 227 सीट में से 137 बीजेपी और शिवसेना 90 सीट पर चुनाव लड़ेगी और महायुति का भगवा झंडा लहराने के लिए हम लोगो के बीच जायेंगे और इस बार महायुति का भगवा मेयर बनेगा बाकी सहयोगी पार्टी को भी इन्ही सीट में से समावेशित किया जायेगा.
मुंबई की सियासत में BMC चुनाव कितना अहम
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुंबई की राजनीति का सबसे अहम केंद्र मानी जाती है. देश की सबसे अमीर नगरपालिकाओं में शामिल बीएमसी पर नियंत्रण का मतलब है मुंबई की प्रशासनिक और राजनीतिक दिशा तय करना. यही वजह है कि हर राजनीतिक दल इस चुनाव में पूरी ताकत झोंक देता है। बीएमसी का चुनाव हर पांच साल में होता है और इसमें जीत दर्ज करने वाली पार्टी को मुंबई की सियासत में मजबूत पकड़ मिलती है. इस बार बीएमसी चुनाव 15 जनवरी 2026 को प्रस्तावित है, जबकि मतगणना 16 जनवरी को होगी.
बीएमसी चुनाव के लिए सियासी दलों ने कसी कमर
चुनाव की तारीख नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और सभी दल रणनीति बनाने में जुट गए हैं. सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति के तहत भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिवसेना एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रही हैं और संयुक्त ताकत के दम पर बीएमसी पर कब्जा बरकरार रखने की कोशिश में हैं. वहीं विपक्षी दल भी इस चुनाव को बेहद अहम मान रहे हैं और मजबूत चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं. बीएमसी चुनाव के नतीजे न सिर्फ मुंबई की राजनीति, बल्कि महाराष्ट्र की सियासत पर भी गहरा असर डालने वाले माने जा रहे हैं.
बीजेपी ने किरीट सोमैया के बेटे नील सोमैया को दिया टिकट
बीएमसी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. भारतीय जनता पार्टी ने वरिष्ठ नेता किरीट सोमैया के बेटे नील सोमैया को भी टिकट दिया है, जिससे सियासी चर्चा और तेज हो गई है. वहीं, कांग्रेस ने भी बीएमसी चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. कांग्रेस की इस सूची में कुल 87 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं. इस बार कांग्रेस ने प्रकाश अंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी (VBA) के साथ गठबंधन किया है और दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर अंतिम सहमति बन चुकी है.
कांग्रेस ने जारी की पहली लिस्ट, 165 उम्मीदवार उतारे
227 सीटों वाली बीएमसी में कांग्रेस 165 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि वीबीए 62 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. इसके अलावा, अजित पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली और दूसरी सूची जारी कर दी है. एनसीपी की पहली सूची में 37 उम्मीदवारों के नाम हैं, जबकि दूसरी सूची में 27 उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है. अब सभी प्रमुख दल मैदान में उतर चुके हैं और मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है. ऐसे में यह देखना अहम होगा कि बीएमसी चुनाव में आखिरकार किस पार्टी के सिर जीत का सेहरा सजता है.
यह भी पढ़ेंः मुंबई: भांडुप रेलवे स्टेशन के पास बड़ा हादसा, बेकाबू बस ने लोगों को रौंदा, 4 की मौत
