DNA Analysis: अब हम आपको एक ऐसा समाचार बताने जा रहे हैं जो जुड़ा तो है भारत से लेकिन उसकी चर्चा सरहद पार यानी पाकिस्तान में ज्यादा हो रही है. पाकिस्तान के सामरिक हलकों में सवाल पूछे जा रहे हैं कि भारत का लटकन बाबा इस बार कौनसी तबाही लेकर आएगा. पाकिस्तान के इस डर को समझने के लिए आपको हमारा अगला प्राइम टाइम अपडेट बेहद गौर से देखना और समझना चाहिए.
भारतीय एयरफोर्स ने फैसला किया है कि वो अब अपने तेजस फाइटर जेट को भी एक्स गार्ड सिस्टम से लैस करेगी. दरअसल एक्स गार्ड फाइटर जेट्स को मिसाइलों से बचाने वाली प्रणाली है. अब तक एयरफोर्स ने सिर्फ रफाल फाइटर जेट्स पर ही एक्स गार्ड सिस्टम लगाया गया था लेकिन अब तेजस भी इस सिस्टम से लैस होगा. आने वाले वक्त में एयरफोर्स सुखोई-30 फाइटर जेट्स पर भी इस रक्षा प्रणाली को लगाया जाएगा.
क्या है लटकन बाबा?
ये एक्स-गार्ड सिस्टम फाइटर जेट के साथ लटका रहता है. इसी वजह से भारतीय सैन्य हलकों में इसे लटकन बाबा का नाम दिया गया है. इस प्रणाली की खासियतें भी हम आपको बताएंगे लेकिन उससे पहले ये समझना जरूरी है कि पाकिस्तान को भारतीय एयरफोर्स के इस लटकन बाबा से इतनी दिक्कतें क्यों हो रही हैं. आपको याद होगा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने बार-बार दावा किया था कि उसने भारत का एक रफाल फाइटर जेट मार गिराया है. दरअसल, पाकिस्तान किसी भारतीय जेट को नहीं गिरा पाया था. उसने रफाल के साथ लगे एक लटकन बाबा यानी एक्स गार्ड पर मिसाइल दाग दी थी. मिसाइल का टारगेट संपर्क होने पर पाकिस्तान ने मान लिया कि उसने रफाल गिरा दिया है. हवाई युद्ध में इस लटकन बाबा ने कैसे पाकिस्तान की हवाई रक्षा प्रणाली को चकमा दिया था. ये समझने के लिए आपको एक्स-गार्ड की खासियतें देखनी और समझनी चाहिए.
#DNAमित्रों | मुनीर के अंदर ‘लटकन बाबा’ का डर, ‘लटकन बाबा’ का अगला टारगेट..लश्कर या जैश?#DNA #DNAWithRahulSinha #Pakistan #AsimMunir #IndianAirForce #OperationSindoor @RahulSinhaTV pic.twitter.com/scs4RzMT4t
— Zee News (@ZeeNews) February 6, 2026
फाइटर जेट के पंखों पर लगता है ये सिस्टम
एक्स गार्ड नाम का ये सिस्टम फाइटर जेट के पंखों यानी विंग्स पर लगा रहता है. जैसे ही पायलट को किसी एयर डिफेंस सिस्टम यानी सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल का पता लगता है तो पायलट एक्स-गार्ड को एक्टिवेट कर देता है. विमान से एक तार के सहारे एक्स-गार्ड बाहर निकलता है और विमान से तकरीबन 330 फीट दूर जाकर स्थिर हो जाता है. इस सिस्टम से फाइटर जेट की ही तरह इलेक्ट्रोनिक सिग्नल निकलते हैं जिसकी वजह से दुश्मन की हवाई रक्षा प्रणाली इसे असली विमान समझ लेती है और एक्स-गार्ड की तरफ मिसाइल दाग देती है.
ऑपरेशन सिंदूर में पाक को दिया गया था चकमा
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इसी तरह पाकिस्तानी एयर डिफेंस सिस्टम भी चकमा खा गया था. पाकिस्तानियों ने एक्स-गार्ड के इलेक्ट्रोनिक सिग्नल को रफाल समझ लिया और एक्स-गार्ड पर मिसाइल दाग दी थी. जब तक भारत से एक्स-गार्ड के इस्तेमाल की खबर सामने नहीं आई थी. तब तक पाकिस्तानी रफाल गिराने के झूठे गुरूर में ही झूम रहे थे. रफाल के बाद तेजस को इस बेहतरीन सिस्टम से लैस करके भारतीय वायुसेना ने ये संदेश दिया है कि शायद अगली बार पाकिस्तानी फौज और आतंकियों के शिकार का मौका मेड इन इंडिया तेजस फाइटर जेट को ही मिलेगा. एक्स गार्ड को इजरायल की एक कंपनी बनाती है और ऑपरेशन सिंदूर में इसकी कामयाबी के बाद दुनिया में इस लटकन बाबा की डिमांड बढ़ गई है.
इजरायल ने केवल भारत को दी है ये तकनीक
आज तक इजरायल ने ये तकनीक भारत को छोड़कर किसी और देश को नहीं दी है. यहां तक कि अमेरिकी एयरफोर्स के पास भी ये एक्स-गार्ड यानी लटकन बाबा नहीं है. ऑपरेशन सिंदूर में जिस तरह पाकिस्तानी एयर डिफेंस तबाह हुए उसके बाद 7 देशों ने इजरायल को एक्स-गार्ड के ऑर्डर दिए हैं. दुनिया भर के आला सैन्य जानकार ये मान चुके हैं कि ऑपरेशन सिंदूर रणनीति की बेहतर मिसाल है. आने वाले वक्त में जब-जब ऑपरेशन सिंदूर पर बात होगी तब-तब पाकिस्तानियों को चकमा देने वाले इस लटकन बाबा का भी जिक्र होगा.
