MEA Statement: बांग्लादेश में आज हो रहे चुनाव, रूस भारत के व्यापारिक रिश्ते, ट्रंप के पीएम मोदी की करियर वाली टिप्पणी से लेकर ब्राजील के राष्ट्रपति के भारत विजिट से जुड़े तमाम प्रश्नों का आज विदेश मंत्रालय ने एक-एक कर जवाब दिया. भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार शाम को एक ब्रीफिंग में कहा कि भारत बांग्लादेश में निष्पक्ष, स्वतंत्र और विश्वसनीय चुनाव का पक्षधर है. उन्होंने कहा कि हमें चुनाव के नतीजों का इंतज़ार करना चाहिए ताकि पता चल सके कि किस तरह का मैंडेट आया है और उसके बाद हम वहां के मुद्दों को देखेंगे. इसके अलावा ट्रंप के बयान पर कहा कि मैंने वीडियो नहीं देखा है. लेकिन अगर सच में ऐसा कोई वीडियो है, चाहे वह सच हो या झूठ, हम उस पर सही एक्शन लेंगे.
‘बांग्लादेश चुनाव पर भारत की नजर’
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमें चुनाव के नतीजों का इंतज़ार करना चाहिए ताकि पता चल सके कि किस तरह का मैंडेट आया है और उसके बाद हम वहां के मुद्दों को देखेंगे. चुनाव पर, आप जानते हैं कि हमारी क्या राय रही है. हम बांग्लादेश में एक फ्री, फेयर, सबको साथ लेकर चलने वाले और भरोसेमंद चुनाव चाहते हैं. आगे उन्होंने कहा कि हमें ऑब्जर्वर भेजने का न्योता मिला था, हमने चुनावों को देखने के लिए अपने ऑब्जर्वर बांग्लादेश नहीं भेजे हैं.
ट्रंप के बयान पर क्या कहा?
इस ब्रीफिंग के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पॉलिटिकल करियर पर US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप की कथित टिप्पणी पर विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि मैंने वीडियो नहीं देखा है. लेकिन अगर सच में ऐसा कोई वीडियो है, चाहे वह सच हो या झूठ, हम उस पर सही एक्शन लेंगे. वहीं, हाल में ही ट्रेड डील पर व्हाइट हाउस की ओर से कुछ बदलाव किया गया था, जिसपर विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के बीच पारस्परिक लाभ और व्यापारिक लाभ का ध्यान रखा गया और इसके साथ एक अंतरिम समझौते पर सहमति बनी थी. इसके एक संयुक्त बयान के तौर पर पेश किया गया था. हालांकि, अमेरिका की ओर से इसमें कुछ बदलाव किए गए हैं, जो पूरी तरीके से आपसी समझ को दिखाते हैं.
