
Madhya Pradesh Politics: भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता उमा भारती (Uma Bharti) ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की उनके राज्य में शराबबंदी लागू करने के लिए सराहना की है. हालांकि इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकल्प नहीं हो सकते. मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकीं उमा भारती लंबे समय से भाजपा शासित मध्यप्रदेश में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग करती आ रही हैं.
शराबबंदी पर नीतीश कुमार की तारीफ
उन्होंने शुक्रवार को अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा, ‘नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने कम से कम अपने राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू करने का साहस तो दिखाया है.’ यह पूछे जाने पर कि क्या नीतीश कुमार मोदी के विकल्प के तौर पर उभरेंगे, उमा भारती ने कहा, ‘वह ऐसा नहीं कर पाएंगे, इसका सवाल ही पैदा नहीं होता क्योंकि मोदी एक अद्वितीय व्यक्ति हैं और ऐसे व्यक्ति कम ही होते हैं.’ उमा भारती ने कहा, ‘इसके अलावा, वह (मोदी) भगवान की रचना हैं और लोग उनके साथ हैं.’ पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के प्रयासों से विपक्ष मजबूत होगा, यह लोकतंत्र के लिए अच्छा है. बताते चलें कि नीतीश ने हाल ही में भाजपा से नाता तोड़ लिया था और अब वे विपक्षी दलों की एकता के लिए प्रयास कर रहे हैं.
सहयोगी प्रीतम सिंह लोधी पर रखी बात
उमा भारती (Uma Bharti) ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रदेश में शराब की बिक्री में कमी करने की इच्छा का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि भोपाल में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास बैठकर महिलाएं इस मुद्दे पर जागरूकता बढ़ाएंगी. उन्होंने ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए अपने करीबी सहयोगी प्रीतम सिंह लोधी की आलोचना की. उमा ने कहा कि इस गैर-जरूरी टिप्पणी के लिए उन्होंने लोधी को डांटा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा से माफी मांगने के लिए कहा.
भ्रष्टाचार पर टिप्पणी से किया इनकार
हालांकि भाजपा ने इस मामले में लोधी के माफी मांगने के बाद भी उन्हें पार्टी से निकाल दिया. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की ओर से मप्र सरकार की पोषण-आहार पोषण योजना में भ्रष्टाचार के आरोपों पर उमा भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान पहले ही बयान दे चुके हैं और अब वे इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगी.
ये ख़बर आपने पढ़ी देश की नंबर 1 हिंदी वेबसाइट Zeenews.com/Hindi पर
