News in Brief

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से चोरी और लूट-पाट का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. दरअसल यहां एक लड़की ने अपने ही प्रेमी के घर में डाका डाल दिया और लाखों के जेवर और कैश लूटकर भाग गई. वारदात के खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

हिंदुस्तान में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, अलीगढ़ के क्वार्सी थाना इलाके में रहने वाले युवक को ट्रेन में एक युवती मिली थी. फिर दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया और वे साथ में रहने लगे, लेकिन अब युवक अपनी प्रेमिका की तलाश कर रहा है क्योंकि वह उसके घर से जेवर और कैश लूटकर फरार हो गई है. गुरुवार को युवक ने अलीगढ़ के एसएसपी से शिकायत की.

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है. करीब डेढ़ महीने पहले वह ट्रेन में सवार होकर किसी काम से दिल्ली जा रहा था. इस दौरान उसकी एक युवती से मुलाकात हुई. फिर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे बातचीत प्यार में बदल गई. दोनों ने जिंदगी भर के लिए एक-दूसरे का हाथ थामने का फैसला कर लिया.

इसके बाद युवक उस लड़की को अपने घर ले आया और साथ रहने लगे. चार दिन पहले युवक घर से बाहर मार्केट में कुछ सामान लेने के लिए गया था. तभी मौका देखकर युवती लगभग ढाई लाख रुपये कैश और जेवर लेकर भाग गई.

युवक जब घर वापस लौटा तो उसने अपनी प्रेमिका को वहां नहीं पाया. फिर वो उसकी तलाश में जुट गया. इसके बाद वह थाने गया, लेकिन उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई. फिर उसने एसएसपी के सामने गुहार लगाई. एसएसपी ने युवक को पूरी मदद का भरोसा दिलाया है.