Zee Real Heroes 2026: महाराष्ट्र में आयोजित ज़ी न्यूज के खास कार्यक्रम ‘ज़ी रियल हीरोज’ में फडणवीस सरकार के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने शिरकत की. उन्होंने अपने सफर, राजनीतिक करियर और महाराष्ट्र के विकास से जुड़े तमाम मुद्दों पर खुलकर बात की. सेशन की शुरुआत में मंगल प्रभात लोढ़ा से उनके सफर के बारे में सवाल किया गया, जिसको लेकर उन्होंने कहा कि मेरे ख्वाज शुरू से बड़े थे, इस कारण मैंने कई नौकरियां की, लेकिन टिक नहीं सका. इसके अलावा उन्होंने वो किस्सा भी सुनाया जब वह डोनाल्ड ट्रंप से मिले थे. लोढ़ा ने ट्रंप की जमकर तारीफ की. आइए आपको बताते हैं इस सेशन की बड़ी बातें…
कैसा रहा लोढ़ा का सफर?
अपने शुरुआती दिनों के सफर को याद करते हुए उन्होंने बताया कि वह पहले जोधपुर हाईकोर्ट में वकालत की प्रैक्टिस करते थे. पिताजी हाईकोर्ट में जज थे. किसी ने उनसे कहा कि जहां उनके पिता जज हैं, वहां पर उनको प्रैक्टिस नहीं करना चाहिए. इसके बाद वह मुंबई चले गए. आगे की कहानी बताते हुए कहा कि मैं मुंबई आ गया. यहां पर 300-400 रुपये की नौकरी, चूंकि ख्वाब बड़े थे इसलिए कहीं टिक नहीं पाया. इसके बाद छोटा सा मेटल सप्लाई का व्यापार शुरू किया. फिर रियल स्टेट में कदम रखा और धीरे-धीरे सब होते गया. खानदान में केवल मैं ही उद्योग के क्षेत्र में आया. परिवार में कोई भी बिजनेस में नहीं रहा है. मुंबई सबको काम करने का मौका देती है.
राजनीतिक सफर पर क्या कहा?
मंगल प्रभात लोढ़ा ने बताया कि वह बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की शाखा से जुडे रहे हैं. बड़े होने के बाद वह बीजेपी में शामिल हुए. 90 के दशक में अयोध्या रामजन्मभूमि के आंदोलन में भी हिस्सा लिया. इसके बाद पहली बार 1995 में बीजेपी के टिकट पर मालाबार हिल से चुनावी रण में कूदे. वह लगातार इस सीट से 7 बार विधायक हैं.
विपक्ष पर साधा निशाना
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि जो भी कुछ करना चाहता है, मुंबई उसका बांह पसारे स्वागत करने को तैयार है. देश के किसी भी कोने से यहां कोई आता है, तो वह बिना काम के नहीं रहता. उनका कहना है कि मुंबई के लोग एक-दूसरे को सपोर्ट करते हैं. कहा कि देश में करीब 50 साल तक ऐसी सरकार का शासन रहा है, जिसने मुंबई को केवल दूध देने वाली गाय समझा. 50 सालों तक राज करने वालों ने केवल मुंबई से टैक्स वसूली की. इन सरकारों ने केवल पैसे वसूले हैं और अपनी राजनीतिक महत्वकांक्षा को पूरा किया है. मुंबई के लिए कुछ भी नहीं किया.
उन्होंने कहा कि 10 साल पहले पीएम मोदी के दिल्ली आने और यहां पर देवेंद्र फडणवीस के आने के बाद मुंबई ही नहीं महाराष्ट्र में तमाम विकास के काम हुए. मुंबई को जो वैभव चाहिए सीएम देवेंद्र फडणवीस ने वह दिलाने में अहम भूमिका निभाई है और विकास के काम लगातार चल रहे हैं.
मुंबई में विकास से जुड़े प्रोजेक्ट बाहरी लोग क्यों ले रहे?
वहीं, इस सेशन में जब लोढ़ा से पूछा गया कि मुंबई के अधिकांश विकास से जुड़े प्रोजेक्ट बाहर के लोगों को दिया जा रहा है, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े लोगों के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा, इसके जवाब में उन्होंने काह, ‘ऐसा बिल्कुल नहीं है, धारावी समेत तमाम जगहों पर विकास के काम को शुरू करने के लिए दशकों से कोशिश की जा रहा है. धारावी का उदाहरण लें, तो यहां पर टेंडर पिछले कई वर्षों से निकाले जा रहे हैं. अब चूंकि कोई अन्य कंपनी अगर धारावी के विकास कार्यों का काम करने जा रही है, तो यह स्वागत योग्य है.’ भारत के किसी भी हिस्सा का रहने वाला इंसान भी मुंबई का ही है वह बाहर का नहीं है. हमें सभी का सम्मान करना चाहिए और एक साथ लेकर चलना चाहिए.
स्किल डेवलपमेंट से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्किल डेवलपमेंट को लेकर फिर से शुरुआत की है. पीएम मोदी हमेशा से स्किल को लेकर आगे बढ़ रहे हैं. इसी कड़ी में महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस सरकार राज्य के लोगों के लिए तमाम स्किल डेवलपमेंट की योजनाएं चला रही हैं, जिसे लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं. न्यू एजुकेशन पॉलिसी में स्किल पर विशेष जोर दिया गया है. अगर हरेक राज्य ने इन नई एजुकेशन पॉलिसी को इमानदारी से लागू कर दिया, तो यह एक मील का पत्थर साबित होगा और इससे देश के हर युवा के हाथ में रोजगार के अवसर होंगे.
मुंबई के विवादित फ्लाइओवर क्या कहा?
हाल में ही मुंबई में निर्माणाधीन एक फ्लाइओवर काफी चर्चा का विषय रहा. यह फ्लाइओवर चार लेन का था और आगे चलकर अचानक दो लेन का हो गया. इस पर विपक्ष ने सरकार को घेरा और लोगों ने सुरक्षा का मुद्दा खड़ा किया. इस विषय पर महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि यह बिल्कुल सही बात है कि किसी भी इंसान से गलती हो सकती है. सरकार भी कई बार गलतियां करती हैं, लेकिन जहां तक उस फ्लाइओवर की बात है. वह हमारे ध्यान में है और उसको सुधारने का प्रयास लगातार जारी है.
यह भी पढ़ें: Zee Real Heroes Award 2026: ‘तुम ही हो’ से लेकर ‘मिट्टी के बेटे’ तक… कैसा रहा सिंगर मिथुन के 30 साल का सफर? ‘बॉर्डर 2’ में भी दी आवाज
डोनाल्ड ट्रंप वाला किस्सा भी सुनाया
गौरतलब है कि मंगल प्रभात लोढ़ा की कंपनी ने एक प्रोजेक्ट पर डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी काम किया है. इससे जुड़े अनुभव पर लोढ़ा ने बताया कि ट्रंप काफी मेहनती हैं. जब वह अमेरिका के राष्ट्रपति नहीं बने थे, उससे करीब 2 साल पहले उनसे मिलने का मौका मिला था. उस वक्त मैं बिजनेस से पूरी तरीके से अलग हो चुका था. मेरा लड़का अभिषेक लोढ़ा अब बिजनेस करता है. मैं उस कार्यक्रम में था, लेकिन वह (ट्रंप) काफी मेहनती हैं. सुबह 6 बजे ट्रंप की फ्लाइट पहुंची, उनका लड़का दोपहर को सोने के चला गया, लेकिन वह दिन भर काम करते रहे. लोगों से मिले, इन्वेस्टर्स से मिले, पीसी की और हमारी पार्टी को अटेंड किया. फिर शाम की फ्लाइट से वह वापस लौट गए. वह काफी तेज हैं और अपने सबजेक्ट में माहिर हैं. हालांकि, अब वह ऐसा क्यों कर रहे हैं यह नहीं कहा जा सकता है, लेकिन इससे अच्छा वह कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Zee Real Heroes 2026: ‘मेरा खून भगवा है, सनातन धर्म पर बोलना जरूरी…’ महाराष्ट्र के मंत्री नीतेश राणे का बड़ा बयान
