News in Brief

Ambernath Municipal Council Election Latest Updates: महाराष्ट्र में असेंबली चुनाव अभी दूर हैं लेकिन सभी दल स्थानीय निकाय चुनावों में अपनी ताकत दिखाने में लगे हैं.  अंबरनाथ नगर परिषद की राजनीति में नया नाटकीय मोड़ आया है. बीजेपी का समर्थन करने की वजह से कांग्रेस ने अपने जिन 12 पार्षदों को निलंबित किया थे. वे शुक्रवार को बीजेपी में शामिल हो गए. इसके बाद आज एनसीपी के चारों पार्षदों ने बीजेपी के नेतृत्व वाले मोर्चे से समर्थन वापस लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) को सपोर्ट करने का ऐलान कर दिया. 

एकनाथ शिंदे की पार्टी ने पलट दिया खेल

इस सपोर्ट के साथ ही 27 पार्षदों वाली शिवसेना (शिंदे गुट) का सदन में संख्या बढ़कर 31 हो गई. बाद में एक निर्दलीय पार्षद ने भी उसे समर्थन कर दिया. जिसके बाद 60 सदस्यीय नगर परिषद में उसे अब स्पष्ट बहुमत मिल गया है. हालांकि बीजेपी उम्मीदवार तेजश्री करंजुले पहले ही अंबरनाथ नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव जीत चुके हैं. लेकिन अब बीजेपी को बाकी समितियों के गठन में शिवसेना (शिंदे गुट) के साथ सत्ता साझा करनी पड़ेगी.

Add Zee News as a Preferred Source

सहयोगी बीजेपी को दे दिया बड़ा झटका

राजनीतिक पंडितों के मुताबिक,नगर परिषद में हुआ यह घटनाक्रम बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. परिषद चुनाव में उसे केवल 15 सीटें ही मिली थीं. लेकिन उसने कांग्रेस के 12 और एनसीपी के 4 पार्षदों के समर्थन से स्पष्ट बहुमत (31 वोट) का इंतजाम कर लिया था. इसके बाद से पार्टी निश्चिंत थी कि परिषद की तमाम शक्तिशाली समितियों के गठन में अब वह अपने हिसाब से पद बांट सकेगी. लेकिन एनसीपी पार्षदों की ओर से खेला करने के बाद अब पार्टी बैकफुट पर आ गई है. 

अब गंवाने पड़ सकते हैं कई अहम पद

बदले समीकरण में अब बीजेपी को नगर परिषद के उपाध्यक्ष और स्थानीय समितियों के अध्यक्ष जैसे अहम पद शिवसेना और एनसीपी के हाथों गंवाने पड़ सकते हैं. 

बताते चलें कि अंबरनाथ शहर को शिवसेना का पारंपरिक गढ़ माना जाता है. यहां से डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे सांसद हैं. पिछले महीने हुए चुनावों में बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित पवार गुट) ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था. इन चुनावों में बीजेपी ने अपने बलबूते स्पष्ट बहुमत पाने की कोशिश की थी लेकिन कामयाबी से काफी दूर रह गई और उसके 60 सदस्यीय सदन में उसके केवल 15 पार्षद जीते.

कांग्रेस को हो गया सबसे बड़ा घाटा

इसके बाद उसने जोड़तोड़ करके कांग्रेस के 12 और एनसीपी के 4 पार्षदों का समर्थन हासिल कर नगर अध्यक्ष पद तो जीत लिया. लेकिन जब कांग्रेस आलाकमान को इसका पता चला तो उन्होंने अपने सभी पार्टी पार्षदों को निलंबित कर दिया. जिसके बाद वे बीजेपी में शामिल हो गए. उसके बाद शिवसेना (शिंदे गुट) ने एनसीपी के चारों पार्षदों को अपने समर्थन में जुटाकर सहयोगी बीजेपी को बड़ा झटका दे दिया.