News in Brief

77th Republic Day 2026: गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में भारत की सैन्य ताकत की झलक पूरी दुनिया ने देखी. इस परेड का नेतृत्व दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार ने किया. परेड में कई नए और घातक हथियारों के साथ विभिन्न बटालियन ने अपनी क्षमता दिखाई. इनमें नया रॉकेट लॉन्चर सिस्टम ‘सूर्यस्त्र’ और हाल ही में गठित भैरव लाइट कमांडो बटालियन प्रमुख आकर्षण का केन्द्र रहे.

सूर्यास्त्र यूनिवर्सल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम ने खींचा सबका ध्यान

परेड में लेफ्टिनेंट महक भाटी के नेतृत्व में 40 फील्ड रेजिमेंट द्वारा सूर्यास्त्र यूनिवर्सल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम प्रस्तुत किया गया. यह स्वदेशी मल्टी-कैलिबर रॉकेट प्रणाली 6×6 हाई-मोबिलिटी वाहन पर स्थापित है और 300 किलोमीटर तक सटीक प्रहार करने में सक्षम है. निबे लिमिटेड द्वारा विकसित यह प्रणाली एक ही प्लेटफॉर्म से विभिन्न प्रकार के रॉकेट दागने की क्षमता रखती है और भारतीय सेना की लंबी दूरी की मारक शक्ति को सशक्त बनाती है.

Add Zee News as a Preferred Source

fallback

अमोघ एडवांस्ड टोड आर्टिलरी गन सिस्टम

74 फील्ड रेजिमेंट के कैप्टन नटराजन शिवा के नेतृत्व में अमोघ एडवांस्ड टोड आर्टिलरी गन सिस्टम (ATAGS) और धनुष गन सिस्टम को भी कर्तव्य पथ पर प्रदर्शित किया गया. 155 मिमी, 52 कैलिबर की अमोघ गन डीआरडीओ द्वारा भारत फोर्ज और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स के सहयोग से विकसित की गई है. यह 43 किलोमीटर से अधिक दूरी तक सटीक फायरिंग और प्रति मिनट पांच राउंड की क्षमता रखती है.

fallback

ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल

बता दें, 344 मिसाइल रेजिमेंट के कैप्टन अनिमेष रोहिला के नेतृत्व में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल वेपन सिस्टम भी कर्तव्य पथ से गुजरा. भारत-रूस के संयुक्त उपक्रम से विकसित ब्रह्मोस रैमजेट इंजन से संचालित मिसाइल है, जो मैक 2.8 की गति से उड़ान भरने में सक्षम है. उच्च गति, सटीकता और बहु-मिशन क्षमता के कारण इसे थल, जल और वायु तीनों सेनाओं में शामिल किया जा चुका है.

शक्तिबाण और दिव्यास्त्र ने बिखेरा जलवा

परेड में युद्धक्षेत्र निगरानी और लक्ष्यीकरण की आधुनिक क्षमताओं को भी दर्शाया गया. शक्तिबाण और दिव्यास्त्र वाहन मानव रहित प्रणालियों, स्वार्म ड्रोन, हाइब्रिड यूएवी और लॉइटरिंग म्यूनिशन से लैस हैं, जो ‘देखो और मारो’ जैसी उन्नत युद्ध अवधारणाओं को साकार करते हैं. इन वाहनों की कमान लेफ्टिनेंट रमन मिश्रा और सूबेदार किरण मेदर के हाथों में रही. इस बीच बता दें कि गणतंत्र दिवस परेड में कई नई चीजें भी शामिल की गई, जिनमें नवगठित भैरव लाइट कमांडो बटालियन, चार जांस्कर टट्टू (Zanskar ponies), दो बैक्ट्रियन ऊंट, चार चील और सेना के डॉग शामिल थे. 

fallback

बता दें, दो चरणों में आयोजित होने वाले इस समारोह में कुल 29 विमानों का फ्लाईपास्ट हुआ, जिनमें राफेल, Su-30, P8I, MiG-29, अपाचे, LCH (लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर), ALH (एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर), Mi-17 हेलीकॉप्टर विभिन्न संरचनाओं में और परिवहन विमान C-130 और C-295 शामिल थे. रक्षा मंत्रालय ने बताया कि लगभग 90 मिनट तक चलने वाली इस परेड में कुल 18 परेड टुकड़ियां और 13 बैंड ने भी भाग लिया.