परिवेश वात्स्यायन, स्पेशल इन्वेस्टिगेटिव टीम, ज़ी मीडिया: भारत सरकार कोशिश करती है देश में ज्यादा विदेशी निवेशक आएं, लेकिन देश के कुछ धोखेबाज विदेशी निवेशकों के साथ धोखाधड़ी कर भारत की साख पर बट्टा लगा रहे हैं. ऐसा ही एक शख्स है श्रवण गुप्ता, जिस पर आरोप है कि उसने दुनिया की सबसे ऊंची बिल्डिंग बनाने वाली कंपनी के साथ जालसाजी की, कुछ और देशों में धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम दिया और फिर लंदन फरार हो गया, जहां विजय माल्या और ललित मोदी जैसे भगोड़े पहले से छिपे हैं. 180 करोड़ रुपये का जालसाज एक नहीं बल्कि दो-दो देशों का भगोड़ा है.
दुनिया की सबसे ऊंची बिल्डिंग…बुर्ज खलीफा
बुर्ज खलीफा नाम की ये 163 मंजिला बिल्डिंग इंजीनियरिंग का सबसे शानदार उदाहरण है. जिसे दुबई की कंपनी EMAAR प्रॉपर्टीज ने बनाया है. 2005 में दुबई का EMAAR ग्रुप भारत आया. फिर दिल्ली के रियल एस्टेट समूह MGF Developments Ltd के साथ मिलकर एक कंपनी बनाई, जिसे नाम दिया गया EMAAR MGF.
दुनिया का नामी रियल एस्टेट समूह EMAAR भारत एक भरोसे के साथ आया था. लेकिन सहयोगी कंपनी MGF ने ना सिर्फ उसका भरोसा तोड़ा बल्कि जांच एजेंसियों के दस्तावेज ने खुलासा किया है कि MGF ग्रुप ने ज्वाइंट वेंचर वाली कंपनी EMAAR MGF से 180 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर दी.
EMAAR ग्रुप के साथ धोखाधड़ी करने वाले श्रवण गुप्ता के अपराध करने का तरीका
EMAAR ग्रुप के साथ 180 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोपी है MGF ग्रुप का चेयरमैन श्रवण गुप्ता. श्रवण गुप्ता ने EMAAR ग्रुप के साथ 180 करोड़ रुपये का खेल कैसे किया. इसे समझिए, 2024 में दिल्ली पुलिस की Economic Offences Wing की चार्जशीट में श्रवण गुप्ता के धोखेबाजी का पूरा खुलासा है. आरोप है कि EMAAR MGF के Palm Hills प्रोजेक्ट के नाम पर Nanny Infrastructure प्राइवेट लिमिटेड को 37 करोड़ 34 लाख रुपये का पेमेंट किया गया. इसी तरह Imperial Garden प्रोजेक्ट के नाम पर सौम इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को 142 करोड़ 68 लाख रुपये दिए. इस तरह कुल मिलाकर करीब 180 करोड़ रुपये JV कंपनी से इन दो निजी कंपनियों को दिए गए.
भारत के दोस्त को लूटा
Nanny Infrastructure और Saum Infra को service providers की तरह पेश किया गया था. लेकिन दोनों ही कंपनियों ने इस पेमेंट के बदले कोई सर्विसेज दी ही नहीं और ना ही पेमेंट वापस लौटाए. इस धोखाधड़ी का मामला दिल्ली पुलिस की EOW ने दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान श्रवण गुप्ता की असली हकीकत सामने आ गई.
जांच में खुलासा हुआ कि Nanny Infrastructure और Saum Infra दोनों MGF ग्रुप के चेयरमैन श्रवण गुप्ता और उनकी सहयोगी की ही कंपनी है, श्रवण गुप्ता ने इन दोनों कंपनियों से रिश्तों को Emaar समूह से छिपाया. शायद मंशा ये थी कि धोखा देकर लूट लें.
चूंकि मामला पैसों की हेरा-फेरी से जुड़ा हुआ था, इसीलिए इस केस में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED की एंट्री हुई.
ED ने MGF समूह की दिल्ली, गुरुग्राम की 82 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त कर ली. जांच में सहयोग नहीं करने के कारण श्रवण गुप्ता के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी हुआ था, जिसे रद्द करवाने वो दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा. लेकिन कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट खारिज करने से इनकार कर दिया.
श्रवण गुप्ता और धोखाधड़ी मानो एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और धोखाधड़ी भी इंटरनेशनल. श्रवण गुप्ता और उसकी पत्नी शिल्पा गुप्ता इंटरनेशनल क्रिमिनल हैं. ये हम नहीं UAE की अबू धाबी की अदालत का ऑर्डर कहता है.
श्रवण गुप्ता और उनकी पत्नी शिल्पा गुप्ता ने अबू धाबी में वित्तीय अनियमितता की है. जिसके चलते दोनों को 10 साल कैद की सजा सुनाई गई है. दोनों भारत में रह रहे थे. इसीलिए वहां की अदालत ने दोनों के डिपोर्टेशन का आदेश दिया था. मतलब श्रवण गुप्ता और उनकी पत्नी को अबू धाबी लाने और वहां सजा दिलाने का आदेश कोर्ट ने दिया है. श्रवण गुप्ता के माथे पर एक घोटाले का कलंक चिपका हुआ है.
भारत में एक चर्चित घोटाला हुआ था AgustaWestland VVIP हेलीकॉप्टर घोटाला.
श्रवण गुप्ता का हेलीकॉप्टर मनी-लॉन्ड्रिंग केस में आरोपी है. इस मामले भी श्रवण गुप्ता ED की राडार पर है. सरकारी एजेंसियों से बचने के लिए श्रवण गुप्ता भारत से लंदन फरार हो गया है. ललित मोदी और विजय माल्या जैसे जालसाज भी लंदन में छिपे बैठे हैं. शायद लंदन ऐसे धोखेबाजों के लिए सेफ हाउस बन गया है.
श्रवण गुप्ता, एक नहीं दो-दो देशों भारत और UAE का भगोड़ा है. अब सवाल है कि सरकार श्रवण गुप्ता को लंदन से भारत लाने की कोशिश में कब तेजी लाएगी और उसे कब तक उसके आर्थिक अपराधों की सजा दिलाएगी, ताकि विदेशों निवेशकों में यह भरोसा कायम हो कि भारत में लूटने वालों को उनके किए की सजा मिलती है.
MGF समूह की सफाई
आरोपों पर ZEE NEWS ने श्रवण गुप्ता और MGF कंपनी से सवाल किए. जिस पर MGF समूह की ओर से सफाई आई है.
– 180 करोड़ के घपले पर गोल मोल जवाब दिया है.
– श्रवण गुप्ता की सफाई आई है कि Nanny Infra और Saum Infra से डायरेक्ट संबंध नहीं है.
– ED की कार्रवाई पर भी संतोषजनक उत्तर नहीं मिला.
– UAE में केस के मामले पर कहा है कि UAE का केस Nanny Infra से जुड़ा है MGF से नहीं.
