Annamalai- Raj Thackeray Clash: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई ने सोमवार 12 जनवरी 2026 को MNS चीफ राज ठाकरे पर तीखा हमला बोला और उनके मुंबई में प्रवेश को रोकने की चुनौती दी. अन्नामलाई की ओर से यह प्रतिक्रिया ठाकरे को उन्हें रसमलाई कहने और मुंबई से जुड़े मामलों पर बोलने के उनके अधिकार पर सवाल उठाने के एक दिन बाद आई है. चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि उन्हें कई धमकियां मिल चुकी हैं, जिनमें से कुछ लोगों ने उनके पैर काटने की धमकी भी दी है.
‘एक रसमलाई तमिलनाडु से आई थी…’
इससे पहले रविवार 11 जनवरी 2026 को ठाकरे ने अन्नामलाई पर मुंबई को इंटरनेशनल सिटी बताने के लिए हमला किया था. ठाकरे ने 1960 और 1970 के दशक में अपने चाचा बाल ठाकरे के नारे ‘हटाओ लुंगी, बजाओ पुंगी’ का भी जिक्र किया. ठाकरे ने मुंबई मे UBT-MNS की संयुक्त रैली में कहा,’ एक रसमलाई तमिलनाडु से आई थी. आपका यहां से क्या संबंध है? हटाओ लुंगी, बजाओ पुंगी.’ इसके अलावा ठाकरे ने यह भी कहा कि अगर बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग हिंदी थोपने की कोशिश करेंगे तो वह उन्हें महाराष्ट्र से बाहर निकाल देंगे. उन्होंने कहा,’ उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को यह समझना चाहिए कि हिंदी आपकी भाषा नहीं है. मुझे इस भाषा से नफरत नहीं है, लेकिन अगर आप इसे थोपने की कोशिश करेंगे तो मैं आपको सबक सिखाऊंगा. महाराष्ट्र में हर तरफ से लोग आ रहे हैं और आपका हिस्सा छीन रहे हैं. अगर जमीन और भाषा दोनों चली गईं, तो आपका अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा.’
ये भी पढ़ें- ‘हिजाब पहने महिला बनेगी भारत की पीएम…,’ महाराष्ट्र में चुनाव से पहले ओवैसी का बड़ा बयान, सत्ताधारी पार्टी पर साधा निशाना
ठाकरे बंधुओं का भाजपा पर हमला
शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई राज ठाकरे ने भी भाजपा पर संयुक्त रूप से हमला करते हुए इसे नकली हिंदुत्व बताया और कहा कि मुंबई पर मंडरा रहे खतरे के कारण ही उन्होंने राजनीतिक रूप से एक साथ आए हैं. उद्धव ठाकरे ने कहा कि उन्होंने और राज ठाकरे ने मराठी मानुष, हिंदुओं और महाराष्ट्र के हित में अपने मतभेदों को एक तरफ रख दिया है. राज ठाकरे ने अपने प्रमुख मराठी वोट बैंक को लुभाते हुए कहा कि मुंबई पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए दोनों नेता एक साथ आए हैं. BMC चुनावों को मराठी व्यक्ति का आखिरी चुनाव बताते हुए ठाकरे ने कहा,’ अगर आप आज यह अवसर चक गए तो आपका खेल खत्म हो जाएगा. मराठी और महाराष्ट्र के लिए एकजुट हों.’
ये भी पढ़ें- Shaksgam Valley: घुसपैठ से बाज नहीं आ रहा ड्रैगन, भारत की इस जमीन पर किया कंस्ट्रक्शन; विदेश मंत्रालय ने लताड़ा
AIADMK की प्रतिक्रिया
उद्धव ठाकरे के बयान पर AIADMK नेता कोवई सत्यान ने कहा,’ यह बेहद घटिया और विभाजनकारी टिप्पणी थी. ठाकरे परिवार खुद एकजुट नहीं है. मुंबई में चुनाव नजदीक होने के कारण वे एक माहौल बनाना चाहते हैं. इस तरह के बयान आम जनता को पसंद नहीं आते. इससे उस व्यक्ति की प्रतिष्ठा पर भी सवाल उठता है जो खुद को राजनेता कहता है. किसी के पहनावे पर अपमानजनक टिप्पणी करना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है.’
