News in Brief

यह किस्सा उस समय का है जब अटल बिहारी वाजपेयी पहली बार भारत के प्रधानमंत्री बन रहे थे. अमेरिका अटलजी को पसंद नहीं कर रहा था. ऐसा माना जाता है कि नरसिम्हा राव को आभास था कि अमेरिका वाजपेयी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए परदे के पीछे काम कर रहा है. कुछ डिक्लासिफाइड अमरीकी इमेल्स के अनुसार, अमेरिका वाजपेयी के प्रधानमंत्री बनने के पक्ष में नहीं था. 

एक रिपोर्ट में अमेरिकी राजदूत फ्रैंक विस्नर ने चुनाव पूर्व वाजपेयी से बातचीत के आधार पर लिखा था कि उनके ‘बॉडी लैंग्वेज’ से लगता है कि वह परमाणु परीक्षण के पक्ष में हैं. जब वाजपेयी पहली बार 1996 में प्रधानमंत्री बने, तो शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राव ने उन्हें चुपचाप हाथ से लिखी एक चिट पकड़ाई थी. इसमें उन्होंने अटलजी से अपने अधूरे कार्य (परमाणु परीक्षण) को पूरा करने का आग्रह किया था, लेकिन वाजपेयी सरकार 13 दिन में गिर गई थी. 

राव ने अपने कार्यकाल में अमेरिका के भारी दबाव के कारण परीक्षण नहीं किए. 1995 के अंत में प्रकाशित कुछ डिक्लासिफाइड अमेरिकी गुप्त दस्तावेजों से यह भी सामने आया था कि अमेरिका की खुफिया एजेंसियों ने भारत की परमाणु तैयारियों की गतिविधियों की उपग्रहों से निगरानी की थी. दस्तावेजों के अनुसार अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पोखरण परीक्षण स्थल पर कड़ी निगरानी रखी थी. सैटेलाइट चित्रों से संकेत मिल गए थे कि भारत परीक्षण की तैयारी कर रहा है. 

Add Zee News as a Preferred Source

पढ़ें: जब पीएम आवास से शपथ के लिए एक नाम के दो सांसदों को गया फोन

राजदूत विस्नर ने राव के प्रधान सचिव एएन वर्मा को सैटेलाइट फोटो दिखाकर चेताया था कि यह कदम भारत के खिलाफ उलटा पड़ सकता है. बाद में, राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने स्वयं राव को फोन किया और राव ने उन्हें आश्वासन दिया कि भारत जिम्मेदारी से व्यवहार करेगा. अमेरिका ने जापान के माध्यम से भी भारत पर दबाव डलवाने की कोशिश की. आखिरकार राव ने परीक्षण टाल दिए थे.

पढ़ें: किसने पिलाई थी नेताओं को वो चाय, पीने वालों ने गिरा दी भाजपा सरकार!

1996 से 1998 तक दो प्रधानमंत्रियों- एचडी देवेगौड़ा और आईके गुजराल के कार्यकाल में परीक्षण का कोई प्रयास नहीं हुआ, लेकिन 1998 में वाजपेयी के नेतृत्व में गठबंधन सरकार बनी और उनका सबसे पहला कदम था परमाणु परीक्षणों का आदेश देना. 11 और 13 मई 1998 को पोखरण में भारतीय वैज्ञानिकों ने पूरी गोपनीयता के साथ परीक्षण कर भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बना दिया. परिणामस्वरूप पश्चिमी देशों ने भारत पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए. 

सोनिया गांधी को रोकने के लिए ईसाई vs ईसाई का फॉर्मूला क्या था? अटल मान जाते तो आडवाणी प्रधानमंत्री होते

अमेरिका की डिक्लासिफाइड रिपोर्ट्स के अनुसार, सैटेलाइट इमेजरी के संकेत समय रहते विश्लेषित नहीं किए गए थे, जिस कारण अमेरिकी तंत्र भारत के परमाणु परीक्षण को रोकने में सफल नहीं हो सका. वाजपेयी के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ब्रजेश मिश्रा के नेतृत्व में भारतीय एजेंसियों ने अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के सभी तंत्र असफल कर दिए थे. भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षण की सफलता के बाद एक स्वतंत्र और जवाबदेह परमाणु शक्ति के रूप में पहचान हासिल की. यह सफलता वाजपेयी सरकार की राजनीतिक, रणनीतिक और कूटनीतिक दृष्टिकोणों की कसौटी पर खरी उतरी.

(वाजपेयी के मीडिया सलाहकार रहे अशोक टंडन की किताब अटल संस्मरण से साभार)