News in Brief

Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु में चुनाव से पहले भाजपा और AIADMK के बीच सीट और पावर शेयरिंग को लेकर जबरदस्त चर्चा चल रही है. बीते दिनों AIADMK नेता एडप्पाडी के पलानीस्वामी और गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात हुई. इस बैठक में गठबंधन के विकास और एजेंडा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई. बता दें कि भाजपा तमिलनाडु में NDA के विस्तार को बढ़ावा देने के लिए जोरदार अभियान चला रही है ताकि DMK विरोधी वोटर्स के लिए गठबंधन को बड़े विकल्प के तौर पर स्थापित किया जा सके. ऐसा इसलिए क्योंकि एक्टर विजय की TVK पार्टी राज्य की पारंपरिक रूप से बायपोलर पॉलिटिक्स में तीसरी शक्ति के रूप में उभर रही है.     

भाजपा का प्रस्ताव 

बैठक के दौरान अमित शाह ने पलानीस्वामी पर दबाव डाला कि अगर AIADMK की लीडरशिप वाली NDA तमिलनाडु में सरकार बनाती है तो भाजपा के लिए कम से कम 3 सीटें आरक्षित की जाएं. ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक यह मांग भाजपा के उस प्रस्ताव के साथ रखी गई थी, जिसमें कहा गया था कि BJP और उसके सहयोगी राज्य की 234 विधानसभा सीटों में से 56 पर मिलकर चुनाव लड़ें. पलानीस्वामी ने इसको लेकर अपनी पार्टी से परामर्श लेने की बात कही है क्योंकि इससे प्रतिद्वंद्वियों के इस दावे को बल मिलेगा कि AIADMK की जीत तमिलनाडु में भाजपा के शासन के बराबर होगी.  

ये भी पढ़ें- माता-पिता की देखभाल न करने वालों की अब खैर नहीं, काट दी जाएगी सैलरी; इस राज्य में सरकार का बड़ा ऐलान  

Add Zee News as a Preferred Source

 

बंटवारे के लिए बनाया दबाव 

रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा नेतृत्व ने विधानसभा की 56 सीटों के बंटवारे के लिए भी दबाव बनाया, जिसके तहत BJP की ओर से अपने सहयोगी दलों को सीटें बांटी जाएंगी. इस सहयोगी दलों में AIADMK के बागी नेता ओ पन्नीरसेल्वम और TTV दिनाकरन के नेतृत्व वाले गुट भी शामिल हैं. इन सहयोगी दलों में पुथिया तमिलगम जैसी छोटी पार्टियां औ अन्य दल शामिल हैं, जो पहले NDA का हिस्सा थे. इसमें सीनियर लीडर रामदास के पट्टाल मक्कल काची (PMK) के गुट के लिए आरक्षित सीटें भी शामिल हैं. रामदास के बेटे अंबुमणि, जो PMK के प्रमुख हैं बीते दिनों AIADMK के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल हुए. 

ये भी पढ़ें- अब 40 दिन Sissu में पर्यटकों की एंट्री बंद, नहीं ले पाएंगे बर्फबारी का लुत्फ, क्यों उठाया गया यह कदम? 

 

सहयोगी दलों को एकजुट करने का प्लान 

तमिलनाडु में भाजपा के एक सीनियर लीडर ने कहा कि पार्टी को उम्मीद है कि 15 जनवरी 2026 को पड़ने वाले पोंगल तक NDA एक व्यापक और अधिक एकजुट मोर्चा पेश करेगा, जो अलग हुए गुटों को वापस लाएगा, इंटरनल बैलेंस को रीस्टोर करेगा और यह संकेत देगा कि गठबंधन भले ही कुछ कमजोर हुआ हो लेकिन यह टूटा नहीं है. नेता ने कहा,’ हम इन वार्ताओं को इसलिए तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं ताकि इस महीने के अंत तक पीएम मोदी की तमिलनाडु यात्रा से पहले सभी सहयोगी दल सहमत हो जाएं.’ 

TVK की पेशकश

‘TOI’ की रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन के विरोधी TVK समेत सभी राजनीतिक दलों को एकजुट करना चाहती है, लेकिन विजय के खुद को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने और भाजपा की विचारधारा की आलोचना करने से ऐसी संभावना कम हो गई है. बता दें कि TVK ने कांग्रेस को अपना  स्वाभाविक सहयोगी बताया है, जबकि नेशनल पार्टी का एक वर्ग DMK की ओर से सत्ता में हिस्सेदारी से मना करने और TVK के साथ संबंध सुधारने पर खुलकर अपनी नाराजगी जता रहा है. तमिलनाडु में सत्तारूढ़ गठबंधन में मुद्दे अभी तक पूरी तरह से सुलझे नहीं हैं, ऐसे में NDA की ओर से भ्रष्टाचार और कुशासन से जुड़ा एक जोरदार अभियान चलाकर अधूरे मुद्दों को सुलझाने और चुनावी एजेंडा को आकार देने की योजना बना रहा है.