
Nurse gang rape: रेलवे स्टेशन के पास बने होटलों में लोगों को सिक्योरिटी का विशेष ध्यान रखना होता है. ऐसा इसलिए क्योंकि पता नहीं कब कौन आदमी क्या कांड करके ट्रेन पकड़कर निकल जाए पता नहीं चलता. ऐसे ही एक मामले में एक नर्स को अपनी एक गलती का ऐसा खामियाजा भुगतना पड़ा जो किसी ने सपने में भी नहीं सोचा होगा. हाल ही में रात को रेलवे स्टेशन इलाके के नजदीक अपने दोस्त से मिलने गई 30 साल की नर्स के साथ तीन लोगों ने कथित तौर पर गैंगरेप कर दिया. आरोपियों ने उसका मुंह दबाकर दबोच लिया जब उसने गलती से होटल में गलत रूम नंबर का दरवाजा खटखटा दिया.
पीड़िता की आपबीती
पीड़िता एक शादीशुदा नर्स है. उसके एक बच्चा भी है. वो अपनी दोस्त से मिलने होटल गई थी. वहां उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया. उसने शिकायत पर वेदांत नगर थाने की पुलिस 24 घंटे के भीतर केस सुलझाते हुए गैंग रेप के तीनों आरोपियों घनश्याम राठौड़ (27), ऋषिकेश चव्हाण (25) और किरण राठौड़ (25) को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि घनश्याम और किरण बैंक में रिकवरी एजेंट हैं, जबकि चव्हाण MBA का छात्र है. कोर्ट ने उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है.
इंस्पेक्टर प्रवीणा यादव ने बताया कि आरोपी बुधवार रात 11 बजे से गुरुवार सुबह 3 बजे के बीच हुई घटना के तुरंत बाद भाग गए थे. यादव ने कहा, ‘शुरुआती जांच में पता चला है कि तीनों आरोपी दोस्त हैं और होटल के कमरे में शराब पीने के लिए इकट्ठा हुए थे. पीड़िता गलती से कमरा नंबर 105 के बजाय उनके कमरे 205 में पहुंच गई. उन्होंने कथित तौर पर स्थिति का फायदा उठाया और उसके साथ गैंगरेप किया.
जबरन शराब पिलाई और यौन उत्पीड़न
आर्थिक तंगी की वजह से नर्स ने जालना के भोकरदन में रहने वाले दोस्त से पैसों की मदद मांगी थी. दोस्त ने उसकी मदद करने का वादा किया और उसे होटल में मिलने के लिए बुलाया था. रात करीब 11 बजे, महिला फोन पर बात करने के लिए होटल से बाहर निकली. लौटते समय, वह गलती से दूसरी मंजिल पर चली गई और गलत कमरे का दरवाज़ा खटखटा दिया. दरवाजा खुला था जब उसने तीनों आरोपियों को शराब पीते देखा, तो उसने अपने दोस्त का नाम लेकर पूछा तो उसे बताया गया कि वो वहां नहीं है. जैसे ही वह जाने के लिए पीछे मुड़ी, आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर उससे कहा कि उसका दोस्त अंदर है और उसे कमरे के अंदर खींच लिया. उसे जबरन शराब पिलाकर तीनों ने बारी बारी से उसके साथ बलात्कार किया.
