
Karnataka New Year Safety: नए साल की पूर्व संध्या पर होने वाली भीड़ और जश्न को देखते हुए कर्नाटक सरकार पूरी तरह सतर्क है. गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने बताया कि सरकार ने ऐसे लोगों के लिए खास व्यवस्था की है जो बहुत ज्यादा शराब पी लेते हैं और खुद को संभाल नहीं पाते. उन्होंने साफ कहा कि हर किसी को घर नहीं छोड़ा जाएगा लेकिन जो लोग चल नहीं पा रहे होंगे या बेहोश होने की हालत में होंगे उन्हें सुरक्षित जगह ले जाया जाएगा. बाद में घर भेजा जाएगा.
गृह मंत्री ने बताया कि राज्य में ऐसे 15 स्थान तय किए गए हैं. ज्यादा नशे में पाए गए लोगों को कुछ समय के लिए आराम कराया जाएगा. उनका नशा उतर जाएगा तब उन्हें उनके घर भेज दिया जाएगा. यह सुविधा खासतौर पर नए साल की रात बेंगलुरु पुलिस की ओर से दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं ज्यादातर बेंगलुरु, मैसूरु, हुब्बली, बेलगावी और मंगलुरु जैसे शहरों में देखने को मिलती हैं. इन जगहों पर नए साल की रात बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर जश्न मनाने निकलते हैं. खासकर बेंगलुरु में बाहर से आने वाले लोगों की संख्या ज्यादा होती है. जो बार और पब में जाकर जश्न मनाते हैं.
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गृह मंत्री ने खास चिंता जताई है. उन्होंने कहा कई बार महिलाएं भी नशे की हालत में होती हैं. उस समय उनके साथ कुछ भी गलत हो सकता है. इसी वजह से सरकार ने पहले से ही एहतियाती कदम उठाए हैं और सभी 30 जिलों को अलर्ट पर रखा गया है. जिससे कोई भी स्थिति का गलत फायदा न उठा सके.
भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी तरह की अफरातफरी या हादसे से बचने के लिए बार और पब को भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं. सरकार का कहना है कि जहां ज्यादा भीड़ जुटती है वहां धक्का-मुक्की और अव्यवस्था की आशंका रहती है इसलिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर भी सख्त नजर रखी जाएगी. गृह मंत्री ने बताया कि पुलिस ने ऐसे मामलों के लिए 160 जगहें को स्पॉट्स की गई हैं. तय सीमा से ज्यादा शराब पीने पर गाड़ी चलाने की इजाजत नहीं होगी. उन्होंने कहा कि अगर हालात पर काबू रखा जाए तो सिर्फ दो दिन की सख्ती से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं.
इसके अलावा सुरक्षा को दूसरे नजरिए से भी देखा जा रहा है. बड़े आयोजनों और भीड़ को देखते हुए पुलिस को हर एंगल से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिसकर्मी बॉडी कैमरे पहनेंगे और सीधे कमांड सेंटर से जुड़े रहेंगे. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जा सकेगा.
इससे पहले कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने भी बेंगलुरु में सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी थी. उन्होंने बताया कि शहर में 20 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. इनमें महिलाओं की सुरक्षा के लिए खास टीमें भी शामिल हैं. आधुनिक तकनीक की मदद से भीड़ और ट्रैफिक पर नजर रखी जाएगी.नया साल सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा सके.
यह भी पढ़ें: BMC elections 2025: NCP ने जारी की अंतिम लिस्ट, अजीत पवार के नेतृत्व में कुल 94 उम्मीदवारों के नाम घोषित
