pm modi new office: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यालय जल्द ही नए पते पर शिफ्ट होने वाला है. अभी तक उनका कार्यालय साउथ ब्लॉक में था, लेकिन अब यह सेवा तीर्थ कॉम्प्लेक्स में चलेगा. हालांकि, सरकार ने आधिकारिक रूप से तारीख की घोषणा नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक यह शिफ्टिंग इस सप्ताह ही हो सकती है. यह बदलाव इसलिए खास है क्योंकि जवाहरलाल नेहरू के समय से अब तक प्रधानमंत्री का कार्यालय साउथ ब्लॉक में ही रहा है.
14 जनवरी को हो सकते हैं शिफ्ट
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी 14 जनवरी को नए कार्यालय में शिफ्ट हो सकते हैं. सेवा तीर्थ कॉम्प्लेक्स में प्रधानमंत्री कार्यालय के अलावा कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय भी रहेंगे. यह परिसर दारा शिकोह रोड पर स्थित है और इसे सेंट्रल विस्टा प्लान के तहत तैयार किया गया है.
सरकारी सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट सचिवालय पहले ही पिछले साल सितंबर में नए कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट हो चुका है. वहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय भी जल्द ही सेवा तीर्थ कॉम्प्लेक्स में पहुंच सकता है. नए परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय, कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय की अलग-अलग इमारतें होंगी. शिफ्टिंग के बाद प्रधानमंत्री मोदी भी मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी को नए दफ्तर में काम करना शुरू कर सकते हैं.
इससे पहले कैबिनेट सचिवालय राष्ट्रपति भवन परिसर से काम करता था, जबकि NSCS सरदार पटेल भवन से संचालित होता था. नए कॉम्प्लेक्स में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इस निर्माण का काम लार्सन एंड टर्बो कंपनी ने किया है, जिसे 2022 में कॉन्ट्रेक्ट मिला था.परिसर के डिजाइन और निर्माण में सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है.
कार्यालय में होंगी आधुनिक सुविधाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने पहले भी सरकारी नामों में बदलाव किए हैं. वर्ष 2016 में उनके आवास का नाम रेस कोर्स रोड से लोक कल्याण मार्ग किया गया है. इसके बाद राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ रखा गया. अब सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत केंद्रीय सचिवालय के नए परिसरों को कर्तव्य भवन नाम दिया गया है, नए पीएमओ में सुविधाओं के साथ-साथ आधुनिक कार्यप्रणाली भी शामिल होगी, जिससे कामकाज और सुचारू ढंग से चलेगा.
