Nipah Virus Returns West Bengal: पश्चिम बंगाल में 25 साल बाद निपाह वायरस के संदिग्ध मामले सामने आए हैं. इससे स्वास्थ्य विभाग और केंद्र सरकार अलर्ट हो गई है. वायरस बेहद खतरनाक है. इसकी मृत्यु दर बहुत ज्यादा बताई जाती है. अभी तक इसका कोई टीका या खास दवा मौजूद नहीं है. हालात पर नजर रखने के लिए केंद्र की एक विशेष टीम बंगाल भेजी गई है.
एम्स कल्याणी में संक्रमण की पुष्टि
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक 11 जनवरी को कोलकाता के पास स्थित एम्स कल्याणी में संक्रमण की पुष्टि हुई थी. इसके बाद तुरंत जांच और सतर्कता बढ़ा दी गई थी. केंद्र की जो टीम बंगाल पहुंची है, उसमें नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी और पर्यावरण मंत्रालय से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हैं. ये सभी मिलकर हालात पर नजर रख रहे हैं. संक्रमण को फैलने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं.
दोनों संदिग्ध मरीज कौन?
राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती ने बताया कि दोनों संदिग्ध मरीज नर्स हैं. उसी अस्पताल में काम करती हैं जहां उनका इलाज चल रहा है. सरकार यह जानने की कोशिश कर रही है, आखिर निपाह वायरस की चपेट में कैसे आईं. जानकारी मिली है कि कुछ दिन पहले वे बर्धमान गई थीं इसलिए वहां भी जांच की भी जा रही है.
कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग तेज
सरकार ने उन सभी लोगों की पहचान शुरू कर दी है जो हाल के दिनों में इन नर्सों के संपर्क में आए थे. उत्तर 24 परगना, पूर्व बर्धमान और नदिया जिलों में बड़े पैमाने पर जांच और निगरानी की जा रही है. जिन जगहों पर ये नर्सें काम कर चुकी हैं या यात्रा कर चुकी हैं, वहां भी खास नजर रखी जा रही है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार ने तीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं.
कितना खतरनाक है निपाह वायरस?
निपाह वायरस आमतौर पर फल खाने वाले चमगादड़ों से फैलता है. इसके अलावा सूअरों और कुछ दूसरे जानवरों से भी इंसानों में फैल सकता है. कई मामलों में यह वायरस इंसान से इंसान में भी फैल चुका है. यह बीमारी दिमाग पर असर डालती है. गंभीर हालत में मरीज की मौत भी हो सकती है. विशेषज्ञों के अनुसार इसकी मृत्यु दर 40 से 75 फीसदी तक हो सकती है. फिलहाल इस वायरस का कोई पक्का इलाज या टीका मौजूद नहीं है.
बचाव ही सबसे बड़ा तरीका
निपाह वायरस से बचने के लिए साफ-सफाई और सावधानी बेहद जरूरी है. बीमार जानवरों से दूरी बनाए रखना, अस्पतालों में सुरक्षा उपकरणों का सही इस्तेमाल करना और संक्रमित इलाकों से बचना जरूरी है. शुरुआती लक्षण आम बुखार जैसे होते हैं. बीमारी को पहचानना मुश्किल हो सकता है. जैसे ही दिमाग से जुड़े लक्षण दिखें, तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना बहुत जरूरी है. बता दें कि सरकार का कहना है कि हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है, लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, बस सावधानी और सतर्कता जरूरी है.
यह भी पढ़ें: चर्च के नीचे मिला ‘लाशों का शहर’! 400 साल पहले से ही नीचे था दफन, मरम्मत के दैरान खुल गया राज
