BMC Elections 2026: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में एकजुट हुए शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे पर तीखी टिप्पणी की. फडणवीस ने कहा कि 15 जनवरी को होने वाला मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव ठाकरे भाइयों के अस्तित्व की लड़ाई है, न कि मराठी लोगों के अधिकारों या सुरक्षा का मामला. उन्होंने आदित्य ठाकरे की ओर से अपनी नकल पर भी तंज कसा और कहा कि उनके चाचा राज ठाकरे उनसे बेहतर मिमिक्री करते हैं और उनके चाचा की पार्टी का आज का हाल इसी वजह से है.
मुंबई किसी एक परिवार का नहीं: सीएम फडणवीस
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे को चुनौती दी कि वे बहस के लिए आदित्य को भेजें जिसका मुकाबला महायुति उम्मीदवार शीतल गंभीर करेंगी. सीएम फडणवीस ने कहा कि मुंबई किसी एक परिवार या राजनीतिक दल के दबाव में नहीं आएगा और महायुति गठबंधन के समर्थन में उन्होंने मतदान के लिए जनता से अपील की.
बीएमसी चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए सीएम फडणवीस ने जोर देकर कहा कि मुंबई महाराष्ट्र का अभिन्न अंग है और कोई इसे अलग करने की हिम्मत नहीं कर सकता. शिवाजी पार्क में आयोजित इस रैली में मुख्यमंत्री फडणवीस ने उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के पुराने वीडियो भी दिखाए. वीडियो में लगभग 20 साल बाद हाथ मिलाने वाले दोनों भाई एक-दूसरे पर कटाक्ष करते नजर आए.
फडणवीस ने विश्वास जताया कि इस बार महायुति का झंडा बीएमसी पर फहराएगा. इस मौके पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के नेता एवं केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले भी मौजूद थे. राज ठाकरे की ‘मराठी मानुष का आखिरी चुनाव’ वाली टिप्पणी पर फडणवीस ने कहा कि दांव पर उनका अपना राजनीतिक अस्तित्व है. उन्होंने कहा कि यह चुनाव मुंबई या मराठी भाषियों के लिए खतरे का नहीं, बल्कि ठाकरे भाइयों के राजनीतिक वजूद का है. उनके अनुसार, ठाकरे की पार्टियां 74000 करोड़ रुपये के बजट वाली देश की सबसे अमीर महानगरपालिका पर नियंत्रण के लिए महायुति के खिलाफ लड़ रही हैं.
ये भी पढ़ें: ‘बीएमसी में केवल मराठी मानुष ही सत्ता में रहेगा…’ चुनावों से पहले CM फडणवीस का विपक्ष पर पलटवार
भाषा के मुद्दों पर फडणवीस ने महाविकास आघाडी (MVA) सरकार पर आरोप लगाया कि उन्होंने राज्य में हिंदी को अनिवार्य किया और धारावी पुनर्विकास निविदा रद्द कर दी. उन्होंने कहा कि अब यह काम अदाणी समूह और राज्य सरकार मिलकर कर रहे हैं, जिससे एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती को आधुनिक टाउनशिप में बदला जाएगा.
ये भी पढ़ें: ‘क्या भगवान राम ने ले ली है भाजपा की सदस्यता…?’ निजामाबाद का नाम बदलने पर सियासी संग्राम, कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
फडणवीस ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में केवल मराठी भाषा को अनिवार्य रखा जाएगा. इसके अलावा उन्होंने नवी मुंबई हवाई अड्डे के बाद तीसरे हवाई अड्डे के निर्माण और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की क्षमता बढ़ाने की योजना का ऐलान भी किया. उन्होंने कहा कि महायुति का लक्ष्य मुंबई में पारदर्शी शासन स्थापित करना और शहर का कायाकल्प करना है.
