News in Brief

इस समय भारत की राजनीति में किताब और फोटो का बोलबाला है. जिसको कोई किताब या तस्वीर नहीं मिल रही वो यहां-वहां से कुछ भी उछाल दे रहा है. राहुल गांधी ने पूर्व आर्मी चीफ की एक अप्रकाशित किताब ढूंढ ली तो उनका मुंह बंद कराने के लिए सत्तापक्ष के सांसद तस्वीरें और किताब ढूंढ लाए. एडविना और नेहरू किताब का जिक्र लेकर रिश्तों को उछाला गया जबकि एडविना की बेटी खुद इस पर किताब लिखकर सारी कहानी समझा चुकी हैं. इतने से बात नहीं बनी तो भाजपा सांसद गिरिराज सिंह को कहीं से तस्वीरें मिल गईं और वे बड़ी-बड़ी तस्वीर छपवा लाए. अब वही तस्वीरें उनके खिलाफ कांग्रेस का हथियार बन गई हैं. 

हां, गिरिराज सिंह तस्वीरें सिलेक्ट करने में गच्चा खा गए. कांग्रेस की सोशल मीडिया हेड सुप्रिया श्रीनेत ने तस्वीरों का फैक्ट चेक कर दिया. उन्होंने दावा किया जो पहला पोस्टर एआई से बना है. दिलचस्प बात यह है कि कुछ घंटे पहले ही सरकार ने एआई पर रूल बनाया है कि आपको बताना होगा कि तस्वीर एआई से है. 

4 तस्वीरों की सच्चाई सुप्रिया ने बताई

उन्होंने गिरिराज सिंह की तस्वीरें दिखाते हुए फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘यह मोदी के मंत्री गिरिराज सिंह हैं. हमेशा की तरह झूठ फैला रहे हैं. आज AI के नए नियम आए हैं, सबसे पहले तो इनको धरा जाना चाहिए’

पहली तस्वीर- उन्होंने कहा कि पहला पोस्टर AI से बना है. वैसे भी देखने से लगता है कि राष्ट्रपति भवन के सामने बीच सड़क पर इस तरह की क्लोज फोटो उस समय तो नहीं खींची गई होगी. इसमें नेहरू की तस्वीर भी बदली है. 

दूसरी तस्वीर- इस पोस्टर में तीन फोटो हैं. सुप्रिया ने बताया है कि पहली तस्वीर नेहरू के साथ उनकी बहन विजयलक्ष्मी पंडित जी की अमेरिका की है. इसी पोस्टर में दूसरी तस्वीर उनकी अपनी बहन के साथ रूस की है और इस पोस्टर की तीसरी फोटो में नेहरू विजयलक्ष्मी पंडित जी की बेटी मतलब अपनी भांजी नयनतारा सहगल जी के साथ लंदन में हैं

तीसरा पोस्टर- यह AI से बना है. यह वही पहली तस्वीर है जिस पर एडिट करके सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है. गिरिराज सिंह इस तरह से दिखाने लगे. 

चौथी तस्वीर- इस पर कैप्शन में लेडी माउंटबेटन लिखा है. हालांकि सुप्रिया ने बताया है कि वह असल में ब्रिटिश डिप्टी हाईकमिश्नर की पत्नी श्रीमती सिमॉन हैं.