Rahul Gandhi and Jagdambika Pal: लोकसभा में कार्यवाही के दौरान पक्ष और विपक्ष के बीच हंगामा और नोकझोंक देखने को मिलती है. लेकिन आज चर्चा के समय विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पीठासीन जगदंबिका पाल के बीच नोकझोंक देखने को मिली. इन बातचीत ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा.
दरअसल, हुआ कुछ यूं कि जब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आम बजट पर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल रहे थे, इसी दौरान पीठासीन जगदंबिका पाल से कहा कि आप भी हमारी पार्टी के पूर्व सदस्य रह चुके हैं, इस कारण मैं आपको खास फेवर करूंगा. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने यह भी कहा कि आपका दिल हमारे लिए धड़क रहा है. इसपर जगदंबिका पाल ने कहा कि ये चार्ज है. उन्होंने कहा कि ये कार्यवाही का हिस्सा नहीं बनेगा.
राहुल गांधी और जगदंबिका पाल में नोकझोंक
चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने जगदंबिका पाल का कांग्रेस के साथ पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि आप पूर्व कांग्रेसी रहे हैं, इसलिए मैं आप पर विशेष कृपा करूंगा. आप जानते हैं कि हम आपके लिए स्नेह रखते हैं. हम जानते हैं आपका मन वहां नहीं यहां पर है. राहुल गांधी के इस बयान पर जगदंबिका पाल ने जवाब देते हुए याद दिलाया कि उन्होंने उनकी सलाह नहीं मानी थी. पाल ने कहा कि मैं यहां पर पीठासीन के तौर पर बैठा हूं. अगर आप वहां बैठे हैं, इसका कारण है कि आपने मेरी सलाह नहीं मानी है.
यह भी पढ़ें: अगर कांग्रेस ट्रंप से डील करती तो… किताब छोड़ राहुल ने संसद में सरकार को मार्शल आर्ट के दांव क्यों दिखाए?
पाल ने कहा- अभी भी समय है…
इसके बाद चेयर पर बैठे जगदंबिका पाल ने राहुल गांधी से कहा कि मैं आपको एक सलाह देता हूं. आपको सही दिशा में आगे बढ़ना चाहिए. पाल ने यह भी कहा कि अभी भी आपके पास वक्त है, सही दिशा में जाने के लिए.
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने बजट पर चर्चा के दौरान सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधा. राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील में सही तरीके से समझौते नहीं किए हैं. कांग्रेस सांसद ने यह भी आरोप लगाए कि किसानों और कारोबारियों का ख्याल नहीं रखा गया और सरकार ने 150 करोड़ लोगों के डेटा प्रोटेक्ट करने के लिए कोई भी अहम कदम नहीं उठाया.
यह भी पढ़ें: शक ठीक है पर राजनीतिक शक नहीं….रोहित पवार के सवालों पर बोले CM फडणवीस, कही ये बातें
