
Namgya C. Khampa: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल पर गठित गाजा शांति बोर्ड की पहली बैठक में 19 फरवरी को भारत ने पर्यवेक्षक के रूप में भाग लिया. इस बैठक में नई दिल्ली का प्रतिनिधित्व वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास की चार्ज डी’अफेयर्स नामग्या सी. खम्पा ने किया.
बता दें कि भारत ने 22 जनवरी को दावोस में आयोजित लॉन्च कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया था, जहां ट्रंप ने औपचारिक रूप से ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की घोषणा की थी. यह पहल गाजा में दीर्घकालिक स्थिरता को बढ़ावा देने और भविष्य में अन्य वैश्विक संघर्षों के समाधान के लिए एक वैकल्पिक मंच तैयार करने के उद्देश्य से शुरू की गई है. इसे संयुक्त राष्ट्र के समानांतर एक नई संस्था स्थापित करने की दिशा में ट्रंप की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.

जानिए कौन हैं नामग्या सी. खम्पा?
विदेश मंत्रालय के अनुसार, नामग्या सी. खम्पा 2000 बैच की भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी हैं. फरवरी 2026 तक वे वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास में चार्ज डी’अफेयर्स और उप मिशन प्रमुख के रूप में तैनात हैं. राजदूत की अनुपस्थिति में वे मिशन का नेतृत्व करती हैं और भारत-अमेरिका संबंधों के अहम पहलुओं का प्रबंधन संभालती हैं.
अफ्रीका और एशिया में भी जिभा चुकी हैं अहम जिम्मेदारियां
अपनी वर्तमान नियुक्ति से पहले खम्पा केन्या में भारत की उच्चायुक्त रह चुकी हैं. इस दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और विकास सहयोग के दायरे को विस्तार देने में भूमिका निभाई थी. वर्ष 2023 में उन्हें नैरोबी से ही सोमालिया में भारत की राजदूत के रूप में भी मान्यता दी गई थी.
अपने करियर के शुरुआती वर्षों में वे नेपाल के काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास में उप मिशन प्रमुख रहीं. इसके अलावा उन्होंने चीन में दो अलग-अलग कार्यकाल पूरे किए. पहली बार 2002 से 2006 तक और फिर 2013 से 2016 तक जहां उन्होंने भारत के राजनयिक मिशन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं.

संयुक्त राष्ट्र और पीएमओ का भी है अनुभव
2009 से 2013 के बीच खम्पा न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में तैनात थीं. इस दौरान वे 2011 से 2013 तक संयुक्त राष्ट्र की प्रशासनिक और बजटीय मामलों की सलाहकार समिति की सदस्य चुनी गईं. उन्होंने यूएनडीपी और यूएनएफपीए के कार्यकारी बोर्डों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया.
ये भी पढ़ें: अब खुलेगी UFO और ‘एलियन’ की सच्चाई, ट्रंप ने पेंटागन को दिया रिकॉर्ड जारी करने का आदेश
नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय में उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका, श्रीलंका और म्यांमार के साथ संबंधों से संबंधित विभागों का नेतृत्व किया है. 2016 से 2018 के बीच वे प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर रहीं. इसके बाद 2018 से 2020 तक विकास साझेदारी प्रभाग की प्रमुख के रूप में उन्होंने पड़ोसी देशों के साथ भारत की अनुदान सहायता और विकास सहयोग कार्यक्रमों की देखरेख की. अंतरराष्ट्रीय संबंधों में मास्टर डिग्री और एमफिल धारक नामग्या सी. खम्पा को बहुपक्षीय कूटनीति और विकास सहयोग के क्षेत्र में अनुभवी और सशक्त अधिकारी माना जाता है.

