

उज्जैन। उज्जैन में क्षिप्रा नदी को पुनः प्रवाहमान बनाने के लिए चलाए जा रहे “शिप्रा नदी संरक्षण एवं संवर्धन अभियान” के तहत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के स्थापना दिवस 4 जुलाई को उज्जैन में ग्राम सदावल स्थित नगर निगम के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में सघन पौधारोपण अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर सभी को अपने जीवन में क्षिप्रा नदी को प्रवाहमान बनाने के लिए विभिन्न कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।
यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री विभाष उपाध्याय की अध्यक्षता में एवं मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ सत्यनारायण जटिया, पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री पारस जैन, संत श्री गोपाल कृष्ण महाराज, महानिर्वाणी अखाड़े के महंत संत श्री विनीत गिरी महाराज, कर्मचारी नेता श्री रमेश चंद शर्मा शर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री विवेक जोशी सहित अन्य की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस अभियान की तैयारी में विगत कई दिवस से अन्य संस्थाओं को साथ लेकर जुटे नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री सोनू गेहलोत ने बताया कि मोक्षदायिनी मां क्षिप्रा को सतत प्रवहमान बनाने एवं 2028 में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए शहर में पधारने वाले सभी श्रद्धालुओं को क्षिप्रा के जल से ही स्नान कराने के पवित्र उद्देश्य को लेकर नदी के कैचमेंट एरिया में लगातार पौधारोपण एवं जल संरचनाएं बनाने का कार्य जारी है। इस साथ-साथ इस स्थान पर 5000 पौधे लगाने का लक्ष्य है। क्षिप्रा नदी के जलग्रहण क्षेत्र स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पर आगामी एक सप्ताह तक सतत पौधारोपण कार्यक्रम चलता रहेगा। यहां पर उपस्थित कई संस्थाओं ने नियमित रूप से यहां पर आकर इस काम में सहयोग प्रदान करने का संकल्प भी लिया।

पर्यावरणविद श्री राजीव पाहवा ने अतिथियों को पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता की शपथ भी दिलवाई। कार्यक्रम में 95 वर्ष की उम्र में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरुकता फ़ैलाने के लिए प्रख्यात श्री चौरसिया पर्यावरण प्रेमी परिवार के सदस्यों के साथ मौजूद थे। कार्यक्रम में उज्जैन विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल, नगर निगम के उपायुक्त श्री मनोज पाठक, नगर निगम इंजीनियर श्री मनोज राजवानी, उद्योदपति श्री ईश्वर पटेल, श्री कमलेश जटिया, गणेश गौड़, आदि मौजूद थे। उपस्थित सभी अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार जागरुकता फ़ैलाने हेतु श्री सोनू गेहलोत का अभिनन्दन किया।